मुख्यमंत्री, स्पीकर और प्रदेश अध्यक्ष हारे
बाबूलाल, सुदेश और रामेश्वर उरांव जीते

रांची। झारखंड की पांचवीं विधानसभा के लिए चुनाव संपन्न हो गया। सोमवार को आये चुनाव परिणाम से साफ हो गया कि पांच चरणों में हुए चुनाव में हेमंत सोरेन और उनके सहयोगियों की आंधी चली और इसमें रघुवर दास पूरी तरह साफ हो गये। रघुवर दास न तो मुख्यमंत्री की कुर्सी बचा पाये और न अपनी विधायकी। झामुमो, कांग्रेस और राजद के महागठबंधन ने भाजपा के साथ-साथ आजसू और झारखंड विकास मोर्चा की किंगमेकर बनने की उम्मीदों को तोड़ दिया। हेमंत सोरेन की रणनीति में भाजपा भहरा गयी।
विधानसभा की 81 सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह शुरू हुई। रुझान आने शुरू हुए, तो भाजपा और झामुमो के नेतृत्व वाले महागठबंधन में कांटे की टक्कर होती दिख रही थी, लेकिन मतगणना आगे बढ़ने के साथ महागठबंधन की आंधी का एहसास होने लगा। भाजपा के दिग्गज अपने प्रतिद्वंद्वियों से पिछड़ते गये और पिछली बार 37 सीटों पर कब्जा करनेवाली भाजपा महज 25 सीटों पर सिमट गयी। इसके विपरीत झामुमो ने पिछली बार के 19 सीटों के मुकाबले इस बार 30 सीटें जीत लीं और उसकी सहयोगी कांग्रेस ने पिछली बार की छह सीटों के मुकाबले इस बार 15 सीटों पर विजय पताका फहरायी। राजद ने भी एक सीट जीत कर पांचवीं विधानसभा में अपना खाता खोला। उधर अकेले सभी सीटों पर लड़नेवाले झारखंड विकास मोर्चा के खाते में तीन सीटें आयीं, जबकि आजसू को भी तीन सीटों से संतोष करना पड़ा। नयी विधानसभा में वामदल का कोई सदस्य नहीं होगा, क्योंकि निरसा सीट भाजपा ने जीत ली है।
इस चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव को हार का सामना करना पड़ा। इनके अलावा रघुवर सरकार में मंत्री रहे राज पालिवार, लुईस मरांडी और रामचंद्र सहिस भी चुनाव हार गये हैं। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने सिल्ली सीट से जीत हासिल कर ली है, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने लोहरदगा सीट पर कब्जा जमाया।

दोनों सीटों से जीते हेमंत सोरेन
झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने दुमका और बरहेट सीटों से जीत हासिल की। दुमका में उन्होंने लुईस मरांडी को हराया। पिछली बार वह लुईस से हार गये थे।

लोकसभा चुनाव की सफलता दोहरा नहीं सकी भाजपा
लोकसभा चुनाव में 63 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनानेवाली भाजपा इस सिलसिले को कायम नहीं रख सकी। इसके अलावा ऐन चुनाव से पहले दूसरे दलों से भाजपा में आये नेताओं को भी इस बार जनता ने नकार दिया।

पीएम मोदी ने दी हेमंत को बधाई
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन को राज्य विधानसभा चुनाव में जीत के लिए बधाई दी तथा विजयी गठबंधन को राज्य की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो और कांग्रेस, आरजेडी गठबंधन को विधानसभा चुनाव में शानदार जीत मिली है। मोदी ने ट्वीट किया कि उनकी पार्टी राज्य की सेवा करती रहेगी और जनकेंद्रिंत मुद्दे उठाती रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन और झामुमो नीत गठबंधन को झारखंड चुनाव में जीत के लिए बधाई। उन्हें राज्य की सेवा करने के लिए शुभकामनाएं। मोदी ने भाजपा को राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए झारखंड की जनता का भी आभार जताया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version