पिपरवार। दो बच्चियों के साथ हैवानियत और हत्या के खिलाफ शुक्रवार को पूरा इलाका उबलता रहा। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया और दोषियों को फांसी देने की मांग की। खलारी-पिपरवार की दुकानें और बाजार स्वत:स्फूर्त बंद रहे। विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला रात भर जारी रहा। दिन भर लोगों ने टायर जला कर सड़कों को जाम रखा।
एक आरोपी गिरफ्तार छह हिरासत में
इस जघन्य मामले में पिपरवार पुलिस ने एक आरोपी सोनू मोची को गिरफ्तार किया है, जबकि छह लोगों को हिरासत में लिया है। जब इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली, तो उन्होंने हैदराबाद की तर्ज पर उन्हें सजा देने की मांग की। अपनी मांगों के समर्थन में ग्रामीणों ने पहले थाना घेरकर हंगामा किया। बाद में वे थाना परिसर में घुस गये और जमकर बवाल काटा। बाद में बैकअप के तौर पर पुलिस ने थाने में आइटीबीपी के जवानों को बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण किया जा सका।
विरोध जुलूस में शामिल हुए हजारों
बचरा एक नंबर से हाथों में तख्ती लिये हजारों लोग बेटियों को न्याय दो, हत्यारों को फांसी दो, बलात्कारियों का एनकाउंटर करो आदि नारे लगाते हुए चार नंबर चौक पहुंचे। यहां टायर जलाकर प्रदर्शन किया। बड़ी मुश्किल से उन्हें समझाया जा सका।
एडीजी बोले-जघन्य अपराध हुआ है
घटना को लेकर झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एडीजी एमएल मीणा ने कहा कि दोनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या कर दी गयी। यह जघन्य अपराध है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आगे जांच जारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यों की व्यस्तता के बावजूद एसटीएफ बना कर आरोपी को दबोचा गया। उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जायेगी।
बच्चियों से हैवानियत पर उबला पिपरवार, सड़कों पर उतरे लोग
Previous Articleमिलावटी गठबंधन से सजग रहें: रघुवर दास
Next Article झरिया सीट को कौन होगा कबूल, सिंह मेंशन या रघुकुल
Related Posts
Add A Comment