रांची। महागठबंधन के नेताओं की प्रेस वार्ता में ठीक सात बजकर 54 मिनट पर हेमंत सोरेन मीडिया से मुखातिब हुए और आते ही गर्मजोशी से वे आरपीएन सिंह के गले मिले। इसके बाद उन्होंने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों की ओर से जनता का आभार प्रकट करते हैं। राज्य की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से महागठबंधन बना था वह मकसद पूरा हुआ। हमने बुलेटप्रूफ रणनीति बनायी थी और उसी का नतीजा है कि भाजपा को इस चुनाव में करारी हार मिली। आगे हम सरकार बनाने की कवायद करेंगे। मतगणना पूरी होने के बाद मंगलवार को सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। झारखंड में एक मजबूत महागठबंधन की सरकार बनेगी और जनता की जनाकांक्षाओं को पूरा किया जायेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरयू राय ने चुनाव लड़ने का साहसिक कदम उठाया। विपक्ष के लोगों का भी चुनाव में उन्हें सहयोग मिला। उन्होंने चुनाव को दिलचस्प बनाया। उन्हें जीत के लिए शुभकामनाएं। हेमंत ने कहा कि यदि झाविमो और आजसू सरकार को सहयोग करने में भूमिका निभाना चाहते हैं तो निश्चित रूप से उनका स्वागत होगा।
पहले ही कहा था कि 25 से अधिक सीटें नहीं लायेगी भाजपा : आरपीएन सिंह
वहीं कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा कि हमने पहले ही कहा था झारखंड में भाजपा 25 से अधिक सीटें नहीं ला रही है और वे कह रहे थे कि अबकी बार 65 पार करेंगे। मैं कांग्रेस, झामुमो और राजद के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने एकजुट होकर महागठबंधन की जीत की राह आसान की। वहीं राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि हेमंत के नेतृत्व को झारखंड के लोगों ने स्वीकार किया इसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। पार्लियामेंट चुनाव में हमने जो गलती की थी उसे इस चुनाव में हमने सुधारा है। शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन की उपज हैं और इस चुनाव में जीत के लिए उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार और राजद विधायक उपस्थित थे।