दीपेश कुमार
रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन के पक्ष में आने के साथ ही राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन में आम-अवाम की दिलचस्पी बढ़ गयी है। झारखंड के नौंवें मुख्यमंत्री रह चुके हेमंत एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने की राह पर हैं। वर्ष 2013-2014 में उन्होंने झारखंड में झामुमो गठबंधन की सरकार चलायी थी। हेमंत सोरेन ने रांची के बीआइटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। वे चित्रकारी और फोटोग्राफी के खासे शौकीन हैं। पिता शिबू सोरेन के मंझले संतान हेमंत का जन्म 10 अगस्त 1975 में हुआ था। उनकी पत्नी कल्पना सोरेन उन्हें राजनीतिक संबल देती हैं।
11वीं सरकार बनाने का गौरव हासिल होगा
झामुमो के युवा चेहरे हेमंत को राजनीति अपने पिता शिबू सोरेन से विरासत में मिली है। बड़े भाई दुर्गा सोरेन की मौत के बाद हेमंत ने पढ़ाई छोड़ दी और झारखंड मुक्ति मोर्चा का मुख्य चेहरा बन गये। इस बार के झारखंड विधानसभा चुनाव की बात करें तो हेमंत ने विपक्षी महागठबंधन बनाने में बड़ी भूमिका निभायी और भाजपा विरोधी वोटों के बिखराव को रोककर सत्ता में वापसी की राह बनायी। इस बार वे मुख्यमंत्री का पद संभालते हैं, तो उनके लिए यहां 11वीं सरकार बनाने का गौरव हासिल होगा।
युवाओं में लोकप्रिय
पिछले चुनाव की बात करें तो वर्ष 2014 में झारखंड मुक्ति मोर्चा दूसरे नंबर की पार्टी बनी थी, उसे 19 सीटें मिली थीं, तब हेमंत सोरेन बतौर नेता प्रतिपक्ष झारखंड विधानसभा में अपनी बड़ी भूमिका निभा रहे थे। हेमंत की शख्सियत की बात करें तो वे अपने ऊपर किसी तरह के भ्रष्टाचार का दाग नहीं होने का दावा करते हैं। युवा होने की वजह से नौजवानों में वे खासे लोकप्रिय हैं। हेमंत के राजनीतिक सफर की बात करें, तो वे सबसे पहले 2005 में विधानसभा के लिए चुनाव लड़े, लेकिन स्टीफन मरांडी से हार गये। हेमंत ने वर्ष 2009 में जीत का स्वाद चखा। 2010 में मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सरकार में वे उपमुख्यमंत्री भी बने। हालांकि बाद में उन्होंने भाजपा सरकार से समर्थन वापस लेकर मुंडा सरकार गिरा दी थी। हेमंत 2013 में तब मुख्यमंत्री बने, जब कांग्रेस और राजद के सहयोग से झामुमो की सरकार बनी। उन्होंने 28 दिसंबर 2014 तक झारखंड में शासन किया।