रांची। तीसरे चरण में 17 विधानसभा सीटों के लिए होनेवाले चुनाव के लिए नेताओं की ओर से वोट की सार्वजनिक अपील मंगलवार को बंद हो गयी। उम्मीदवारों के प्रतिनिधि इसके बाद केवल व्यक्तिगत संपर्क के जरिये ही मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे। तीसरे चरण के लिए गुरुवार 12 दिसंबर को मतदान होने हैं। इन 17 सीटों पर 309 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण की 17 सीटों में से सिमरिया और कांके अनुसूचित जाति तथा खिजरी अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। 14 सीटें सामान्य कोटि की हैं। इनमें 277 पुरुष और 32 महिला प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 31 प्रत्याशी हैं। रांची और कांके में सबसे कम 12-12 प्रत्याशी हैं। बड़कागांव, रामगढ़, खिजरी, रांची और हटिया सीट में चार-चार महिलाएं चुनावी मैदान में हैं।
10 सीटें भाजपा के कब्जे में
तीसरे चरण में मंत्री सीपी सिंह, नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई दिग्गज चुनाव मैदान में हैं। इस चरण की 10 सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि तीन सीटें झामुमो, दो सीटें कांग्रेस, एक सीट आजसू और एक माले के कब्जे में है।
भाजपा के कब्जे वाली सीटों में रांची, हटिया, कांके, बरकट्ठा, कोडरमा, हजारीबाग, सिमरिया, बेरमो, ईचागढ़ और खिजरी शामिल हैं। कांग्रेस के पास बड़कागांव और बरही सीट है, जबकि झामुमो के पास मांडू, गोमिया और सिल्ली है। आजसू का रामगढ़ पर, तो माले का धनवार सीट पर कब्जा है।
दो पार्टी अध्यक्षों की प्रतिष्ठा दांव पर
तीसरे चरण के चुनाव में दो पार्टी अध्यक्षों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें आजसू प्रमुख सुदेश महतो और झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के नाम शामिल हैं। सुदेश जहां सिल्ली में झामुमो की सीमा महतो से मुकाबला कर रहे हैं, जबकि धनवार में बाबूलाल मरांडी का मुकाबला भाजपा के लक्ष्मण प्रसाद सिंह और माले के राजकुमार यादव के साथ है। अपने-अपने दल का दारोमदार इन दोनों नेताओं सुदेश महतो और बाबूलाल मरांडली के कंधे पर है।
पीएम, राहुल समेत कई नेताओं ने किया चुनाव प्रचार
तीसरे चरण के लिए सभी दलों ने अपने दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतारा। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति इरानी, कांग्रेस से राहुल गांधी, आरपीएन सिंह और भूपेश बघेल ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उधर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, झाविमो के बाबूलाल मरांडी ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया।
तैयारियां पूरी, साफ-सुथरा होगा चुनाव
इधर चुनाव आयोग ने कहा है कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस चरण में सात जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आयोग पूरी तरह तैयार है। मतदान केंद्रों तक मतदानकर्मियों को भेजने का काम मंगलवार को शुरू हो गया है।
बोकारो में नड्डा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, किया प्रचंड जीत का दावा
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को बोकारो में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें चौथे चरण के चुनाव के लिए अपनायी जानेवाली रणनीति पर विचार किया गया। अपने संबोधन में नड्डा ने कहा कि झारखंड में भाजपा के पक्ष में प्रचंड लहर चल रही है। पार्टी स्पष्ट बहुमत नहीं, विशाल बहुमत से सत्ता में वापस आ रही है।
प्रचार के अंतिम दिन रघुवर ने रोड शो-सभाओं से वोटरों को साधा
तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने तोबड़तोड़ प्रचार किया। उन्होंने दिन में खिजरी विधानसभा क्षेत्र के ओरमांझी में रोड शो किया और उसके बाद मांडू और बरकट्ठा में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर मतदाताओं को साधा। रघुवर ने अपने संबोधनों में झामुमो और कांग्रेस पर निशाना साधा।
झरिया में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया जीत का दावा
झरिया विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा नीरज सिंह के समर्थन में मंगलवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनावी सभा की। उन्होंने कहा कि झरिया खाली नहीं होगा, बल्कि भाजपा को खाली करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झारखंड के आदिवासियों को सुविधाओं से वंचित रखा है। इसलिए इस चुनाव में राज्य में कांग्रेस-झामुमो-राजद की जीत तय है।