रांची। बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को रिम्स के पेइंग वार्ड में पिता लालू यादव से मुलाकात की। दोनों के बीच लगभग 80 मिनट की मुलाकात हुई। लालू से मिल कर बाहर तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाह रवैया छोड़कर किसानों की सुने। उनके दर्द को समझे, किसान अन्नदाता है। देश के 70 फीसदी लोग कृषि पर निर्भर हैं, अगर आप उन्हें सम्मान नहीं दीजियेगा, तब वे क्या करेंगे। तेजस्वी ने कहा कि रेल बिक गयी। बीएसएनएल, एलआइसी बिक गया। हर जगह प्राइवेटाइजेशन हो गया है। अब कृषि को भी प्राइवेटाइज करने की कोशिश की जा रही है। अगर किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम नहीं मिलेगा, तो वे कहीं के नहीं रह जायेंगे। किसान कमजोर होते चले जायेंगे।
एम्स के डॉक्टर से लालू को दिखाने की चल रही बात
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग लालू यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। उनकी किडनी 25 फीसदी काम कर रही है। रिम्स के साथ दिल्ली और अपने फैमिली डॉक्टर से हमारी बात चल रही है। हमने उनसे आग्रह किया है कि वे लालू जी को एक बार रांची आकर देखें। हमारी चिंता है कि कहीं लालू जी को डायग्नोसिस न करना पड़े।
नाम न होने से राज्य के दो मंत्री नहीं मिल सके
तेजस्वी यादव के साथ कृषि मंत्री बादल और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी पहुंचे थे, लेकिन जेल मैन्युअल के मुताबिक सप्ताह में तीन ही लोग शनिवार को लालू यादव से मुलाकात कर सकते हैं। इस शनिवार को तेजस्वी यादव और उनके पीए संजय यादव का नाम पहले से ही दर्ज था। इसके कारण इन लोगों को बाहर ही रोक दिया गया।
हम कोर्ट का सम्मान करते हैं : बादल
कृषि मंत्री बादल ने बताया कि सारे घटनाक्रम को हाइकोर्ट मॉनिटर कर रहा है। हम उनका सम्मान कर रहे हैं। तेजस्वी गठबंधन में हमारे बड़े नेता हंै। हम होटल से लेकर रिम्स तक उन्हें लेकर आये थे। उन्होंने बताया कि वे रांची में ही रहते हैं, वह अगले सप्ताह भी लालू यादव से मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम खुद ही लॉ मेकर हैं। लॉ का उल्लंघन नहीं करते। इधर, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने की तिथि पहले से ही निर्धारित थी। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने पिता से मिलने आये हैं। बताया कि मंत्री के रूप में अपनी ओर से किये गये सारे कार्यों की जानकारी उन्होंने तेजस्वी को दी है। इस दौरान राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह भी उपस्थित रहे।
तानाशाही छोड़ केंद्र सरकार किसानों की सुने
Previous Articleचंदवा में पुलिस-टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के बीच मुठभेड़
Next Article देवघर एयरपोर्ट से ही दिखेगा बाबा बैद्यनाथ का स्वरूप