रांची। रांची के डाकघरों में 32 लाख के घोटालो का खुलासा हुआ है। पता चला है कि बड़े पैमाने पर डाकघरों में जमा पैसे का उलटफेर हुआ है। शुक्रवार को शहर के डेली मार्केट थाने में डाकघरों में घोटाले से संबंधित मामला पहुंचा। इससे पता चला कि डाक विभाग के ही दो कर्मचारियों ने चार साल में 74 लोगों को 32 लाख रुपये का चूना लगाया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गयी है। डाक निरीक्षक शिव कुमार सिंह ने थाने में चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। इसमें उन्होंने कहा कि डाक विभाग के दो पोस्ट मास्टर प्रमोद कुमार और चितरंजन कुमार इस लूट में शामिल हैं। शिकायत में उन्होंने कहा है कि ये दोनों अपने एक एजेंट और रिप्रेजेंटेटिव के जरिये पूरे खेल को अंजाम दे रहे थे। यह मामला 2016 से चल रहा है। इस चार साल में 74 लोगों के एकाउंट से 32 लाख रुपये निकाल लिये गये।
अलग-अलग तरीके से लूटी जा रही लोगों की कमाई
बताया गया कि चारों मिलकर रेकरिंग डिपॉजिट अकाउंट को चिह्नित करते थे। फिर उस अकाउंट के माध्यम से फर्जी दस्तावेज जमा कर लोन निकाल लेते थे। हैरानी की बात ये है कि जिनके अकाउंट से लोन निकाला गया है, उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं है। इससे पहले भी ग्राहकों को लूटने का मामला समाने आया था, जिसमें पोस्टमास्टर ने ग्राहकों के विश्वास का फायदा उठाकर करोड़ों की चपत लगा दी। सालों से पोस्टमास्टर विभिन्न ग्राहकों से बचत खाते में जमा कराने के नाम पर पैसे तो ले रहा था, लेकिन वो पैसे सरकारी खाते की बजाय अपने खाते में जमा कर रहा था। वहीं एक अन्य मामले में किसान विकास पत्र के जरिये फर्जी तरीके से राशि निकालने और चार फर्जी खातों के जरिये दो करोड़ रुपये निकालने की बात भी सामने आयी थी। हालांकि विभाग को इसकी भनक लगते ही इसे रोक लिया गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
डेली मार्केट थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में डाक निरीक्षक शिव कुमार सिंह की तरफ से शिकायत दर्ज करायी गयी है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

