रांची: मंगलवार को हेमंत सोरेन सरकार ने एक साल पूरा कर लिया है। इस अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में CM हेमंत सोरेन 1710.26 करोड़ के 171 योजनाओं का उद्घाटन व 1529.06 करोड़ की 59 योजनाओं का शिलान्यास किया।
रांची नगर निगम भवन का उद्घाटन
इस दौरान रांची नगर निगम और झारखंड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुप्मी) के नवनिर्मित भवन का ऑनलाइन उद्घाटन भी हुआ। साथ ही कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का उद्घाटन व रांची जोन 1 के सीवरेज प्रोजेक्ट समेत अन्य योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
यह सरकार जो वादे करती है, उसे पूरा करती है: रामेश्वर उरांव
वहीं, राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता रामेश्वर उरांव ने कहा कि 1 साल में सरकार ने जनहित में कई काम किए। एक काम जो सीधे जनता के दिलों से जोड़ दिया, वह है सरना धर्म कोड को विधानसभा से पारित करना। उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में जा कर देखिए, सरकार के इस फैसले ने हेमंत सोरेन को लोगों के दिलों में बिठा दिया। लोग मानने लगे हैं कि यह सरकार जो वादे करती है, उसे पूरा करती है। राज्य खाद्य सुरक्षा योजना की शुरूआत जल्द की जाएगी।
सरकार जनता के भरोसे पर खरा उतर रही है: आरपीएन
इस मौके पर कांग्रेस नेता सह प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि 1 साल पहले जब इसी मैदान में हेमंत सरकार शपथ ले रही थी तो लोगों की आंखों में मैंने भरोसा देखा था। अब सरकार उनके भरोसे पर खरा उतर रही है। कोविड जैसी महामारी के बाद भी हेमंत सरकार ने किसानों की कर्जमाफी, सरना धर्मकोड को विधानसभा से पारित करने संबंधी कई बड़े निर्णय लिए।