राज्य परिवहन निगमकर्मियों के कर्मचारियों और राज्य सरकार के बीच गतिरोध अभी भी बना हुआ है। रविवार को तीसरे दिन भी परिवहन निगम के कर्मियों की हड़ताल जारी है। 11 दिसम्बर को शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल ड्राइवर और कंडक्टरों की मांग है कि उन्हें सरकारी कर्मचारी माना जाए।
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे कर्नाटक राज्य रैयत संघ के अध्यक्ष कोडिहल्ली चंद्रशेखर ने शनिवार को घोषणा की थी कि प्रदर्शनकारी रविवार से भूख हड़ताल पर जाएंगे। उधर, शनिवार रात परिवहन मंत्री लक्ष्मण सवदी ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह सरकार की वित्तीय सीमाओं के भीतर मुद्दों को हल करने के लिए आशान्वित हैं।
कर्मचारियों की हड़ताल से आम जनता को परेशानी हो रही है क्योंकि सड़कों से बसें नदारद हैं। उधर, बेंगलुरु में कुछ उपद्रवियों ने एचएसआर लेआउट और रिंग रोड पर चार बसों पर पथराव किया। पथराव में तीन बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस बीच, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस हड़ताली कर्मचारियों के साथ है। पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की बात कही है।