रांची। राज्य में ऐसे उद्योगों की स्थापना की जाये, जिससे अधिक से अधिक रोजगार का सृजन हो और राजस्व भी मिले। राज्य में रोजगार सृजन करना सरकार की प्राथमिकता है। झारखंड मंत्रालय में उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं। उन्होंने उद्योग सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य में साइकिल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना का जल्द से जल्द प्रयास हो। इस दिशा में जो भी उद्यमी झारखंड में उद्योग लगाना चाहते हैं, उन्हें सरकार की ओर से सारी सुविधाएं मुहैया करायी जाये। बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए इंडस्ट्री प्रमोशन की एक टीम बनायें। यह टीम देश-दुनिया में उद्योगों में हो रहे नये-नये कार्यों की समीक्षा करे, साथ ही उद्यमियों को आकर्षित भी करे। राज्य में एक नये कल्चर में उद्योगों की स्थापना हो इस दिशा में प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को और अधिक व्यापक बनाया जाये। अभी तक हम सिर्फ टमाटर से केचप और हरी मिर्च से चिली सॉस की ही प्रोसेसिंग जानते हैं, जबकि कई ऐसी फसलें हैं, जिनकी प्रोसेसिंग की जा सकती है।

लघु-कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाये
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लघु और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाये, ताकि इस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आये। लोगों के बनाये उत्पादों को बाजार मिले इस दिशा में काम करें। माटी कला बोर्ड के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कुम्हार और शिल्पकारों के बनाये उत्पादों को बाजार मिले, इसे बोर्ड सुनिश्चित करे। आज मिट्टी के बर्तनों का प्रचलन काफी बढ़ गया है। इसे और अधिक बढ़ावा देने की जरूरत है। यह स्वास्थ्य के लिए तो अच्छा है ही, साथ ही पर्यावरण की दृष्टि से भी बेहतर है। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त केके खंडेलवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, उद्योग सचिव पूजा सिंघल तथा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्लास्टिक पार्क के लिए 93.09 एकड़ भूमि रिजर्व
बैठक में उद्योग सचिव पूजा सिंघल ने उद्योग विभाग की उपलब्धियों और कार्य योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रांची के चान्हो स्थित बरहे में फार्मा पार्क का निर्माण किया जाना है। इसी तरह गोपालगंज और धनबाद में लेदर पार्क तथा नामकुम में आइटी टावर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, देवघर के देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में 67.33 करोड़ की लागत से प्लास्टिक पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसकी स्थापना के लिए कुल 93.09 एकड़ भूमि रिजर्व की गयी है। पार्क में कुल 111 प्लॉट बनाये गये हैं। बीते एक वर्ष में 579.79 करोड़ की लागत से 68 इकाइयां स्थापित की गयी हैं, जिनसे 4062 लोगों को रोजगार मिला।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version