रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा का 12वां महाधिवेशन 18 दिसंबर को हरमू स्थित सोहराय भवन में होगा। महाधिवेशन में झारखंड के अतिरिक्त पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और असम के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से रजिस्ट्रेशन का काम किया जा रहा है। यह जानकारी सोमवार को पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने दी। विनोद पांडेय ने बताया कि इस बार कोविड नियमों को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय महाधिवेशन बुलाया गया है। यह सिर्फ 25 प्रतिशत प्रतिनिधियों के साथ आयोजित होगा। भगवान बिरसा मुंडा समेत झारखंड के शहीदों के नाम से शहर में 50 से ज्यादा तोरण द्वार बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि पहले पार्टी का केंद्रीय महाधिवेशन तीन दिवसीय होता रहा है। इसमें तीन हजार प्रतिनिधि शामिल होते थे। इस बार कोविड नियमों को ध्यान में रखते हुए महाधिवेशन की तैयारी की जा रही है। एक दिवसीय महाधिवेशन में संचालक मंडल और केंद्रीय सदस्यों द्वारा केंद्रीय पदाधिकारियों का चुनाव किया जायेगा।