रांची। झारखंड पुलिस और सुरक्षाबलों के चलाए गए अभियान से राज्य में नक्सली लगातार कमजोर हो रहे हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय के अनुसार इस साल जनवरी से लेकर नवंबर महीने तक 404 नक्सली पकड़े गए हैं। इनमें एक पोलित ब्यूरो मेंबर है। एक सेंट्रल कमिटी मेंबर, एक स्पेशल एरिया कमांडर, एक रिजनल कमिटी मेंबर, सात सब जोनल कमांडर और 17 एरिया कमांडर सहित अन्य दस्ता सदस्य शामिल है जबकि सरकार की सरेंडर नीति से प्रभावित होकर 19 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। पुलिस और सुरक्षा बलों के नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पांच नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं।

पुलिस और सुरक्षाबलों के लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान में एक करोड़ का इनामी प्रशांत बोस सहित 28 बड़े नक्सली गिरफ्तार हुए है। इनमें शीला मरांडी, प्रद्युमन शर्मा, रमेश गंझू, नरेश गंझू, उदय उरांव, किशुन गंझू, नेपाली जी, किशोर सिंह, विनय कुमार सिंह, राजा राम रजक, ओझा पाहन, सौरभ, दीपक नायक, सामुअल कांडुलना, अर्जुन गंझू, राकेश साव, विजय यादव, कुंवर उरांव, सुमन सिंह, अजय पूर्ति, मोदी, श्रवण उरांव , ललन भुइयां, नसीम अंसारी, जोहन टोप्पो और सुजीत कुमार राम सहित अन्य शामिल है।

सरकार की आकर्षक सरेंडर नीति से प्रभावित होकर और भाकपा माओवादियों के शोषण से तंग आकर इस वर्ष 19 नक्सलियों ने झारखंड पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इनमें मुकेश गंझू, जीवन कांडुलना, रघुवंश गंझू, नागेश्वर गंझू, नुनुचंद महतो, पातर जी, विष्णु दयाल नगेशिया, संजय गोप, अनिल उरांव, बैलुन सरदार और आकाश नगेशिया सहित अन्य शामिल है।

सुरक्षा बलों की सक्रियता से इस वर्ष पांच नक्सली मुठभेड़ में मारे गए है। इनमें बुद्धेश्वर उरांव, सनिचर सुरीन, महेश जी, विनोद भुइयां और एक अज्ञात नक्सली मुठभेड़ में मारा गया। जिसकी पहचान नहीं हो पाई है।

दूसरी ओर पिछले 23 माह के दौरान नक्सली संगठनों के द्वारा 23 वाहनों को आग के हवाले किया गया है। जबकि वर्ष 2020 में 16 और वर्ष 2021 में नवंबर माह तक सात वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया है। इसके अलावा इन 23 महीनों के दौरान कुल 28 नक्सल हमले की घटनाएं हुई है। अपहरण के छह , आईईडी ब्लास्ट की 20 और पुलिस पर हमला करने की कुल पांच वारदात हुई है।झारखंड पुलिस मुख्यालय के आंकड़े के अनुसार पिछले 23 माह के दौरान राज्य में सक्रिय अलग-अलग नक्सली संगठनों के द्वारा 35 लोगों की हत्या की गई है। वर्ष 2020 में 26 लोगों की हत्या की गई थी। जबकि वर्ष 2021 में नवंबर महीने तक नौ लोगों की हत्या कर दी गई।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version