विजय प्रताप देव
गढ़वा। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि 1932 का खतियान और ओबीसी आरक्षण की कील, जो हमारी सरकार ने विपक्षियों के सीने में ठोकी है, उसका दर्द उनसे नहीं सहा जा रहा है। यही कारण है कि विपक्षी हमारी सरकार को गिराने के लिए इडी और सीबीआइ का सहारा लेकर षड्यंत्र रच रहे हैं। हमारा गठबंधन कभी इनके षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को गढ़वा में खतियानी जोहार यात्रा को शुरू करने के मौके पर बोल रहे थे।

दिल्ली और गुजरात से राज्य को लूटा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के 35-40 वर्षों के लंबे संघर्ष तथा आंदोलन में हजारों लोगों के द्वारा जान न्योछावर करने के बाद हमें झारखंड राज्य मिला। मगर झारखंड बनने के बाद 20 वर्षों से यहां की सत्ता झारखंड विरोधी ताकतों के हाथों में चली गयी। झारखंड की बागडोर वैसे लोगों के हाथ में चली गयी, जो झारखंड के विरोधी थे, जिन्होंने यहां के लोगों का शोषण किया। उन्होंने पिछले 20 साल तक इस राज्य को दिल्ली तथा गुजरात में बैठ कर लूटने का काम किया, जबकि यहां के मजदूर लाखों की संख्या में पलायन को विवश थे। क्योंकि जो सत्ता में थे, वह हाथी उड़ाने तथा सोने की थाली में बड़े-बड़े लोगों को खिलाने के काम में लगे थे।

विषम परिस्थिति में बनी सरकार
हेमंत सोरेन ने कहा कि विषम परिस्थिति में 2019 में जब हमारी सरकार बनी, तो दो साल कोरोना के कारण परेशानी हुई। हमने हवाई जहाज से लेकर ट्रेनों तथा बसों से देश-विदेश से लाकर मजदूरों को सुरक्षित घर पहुंचाया। दीदी किचन के माध्यम से उन्हें भूखों मरने से बचाया। पिछले एक वर्ष से जब हम विकास करने लगे, तो विपक्षियों को पेट में दर्द होने लगा।

मेरी छवि खराब करने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विरोधियों के हाथ में है। उसके माध्यम से मेरे ऊपर ऊल-जुलूल बयान देकर मेरी छवि को खराब किया जा रहा है। क्योंकि मेरे द्वारा जो आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों तथा कमजोर लोगों का विकास किया जा रहा है, वह इन्हें पच नहीं रहा है। मेरे ऊपर तरह-तरह के षड्यंत्र रच कर झूठा आरोप लगा कर दुष्प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके ऊपर घोटाले का आरोप लगाया जाता है, जबकि विपक्षियों के शासन में झारखंड में बीज घोटाला, खेल घोटाला, खाद घोटाला जैसे कई घोटाले हुए हैं। हमारी सरकार की छवि खराब करने के लिए अनर्गल झूठा आरोप का सहारा लिया जा रहा है।

उपलब्धियों को गिनाया
हेमंत सोरेन ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के जरिये वृद्धों, विधवाओं तथा दिव्यांगों को पेंशन उपलब्ध कराने का काम किया। जेपीएससी के माध्यम से 250 अधिकारियों की नियुक्ति करायी। पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका सहायिका, पुलिस के जवान अनुबंध कर्मी समेत पुरानी पेंशन की योजना लागू कर सभी लोगों के लिए जब बेहतर काम शुरू किया, तो विरोधियों की परेशानी और बढ़ गयी। लिहाजा वह तरह-तरह के षड्यंत्र रच रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version