पटना। बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भारतीय जनता पार्टी के लोग इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यह भाजपा की शराबबंदी पर दोहरी नीति को दर्शाता है। पहले भाजपा अपने शासित राज्यों के मुख्यमंत्री से इस्तीफा करवाये तब जाकर बिहार के मुख्यमंत्री से इस्तीफा की मांग करे।

वह आज जदयू प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थी। लेशी सिंह ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा शासित प्रदेश गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश जैसे कई राज्यों में जहरीली शराब पीने से सैकड़ों लोगों की जान गयी है लेकिन वहां के मुख्यमंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जानती है कि शराबबंदी से महिलाओं का झुकाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पक्ष में रहता है। इससे भाजपा घबरायी हुई है। इसलिए इस भावनात्मक लगाव को तोड़ने के लिए शराबबंदी नीति का विरोध कर एक मात्र राजनीतिक कुचक्र कर रही है। इसको बिहार की महिलाएं भली भांति जान गयी हैं और वे इसे कतई बर्दाश्त नही करेंगी। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी नीति के संकल्पों के साथ मजबूती से खड़ी है और इसे सफल बनाने के लिए एकजुट हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version