-बलरामपुर नगर पंचायत में महिला मतदाता पुरूष मतदाताओं पर रही भारी
कटिहार। नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में जिले के तीन नगर निकाय में आज बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। शाम छह बजे तक कटिहार नगर निगम, बरारी नगर पंचायत और बलरामपुर नगर पंचायत में कुल 64.41 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान को लेकर आज बाजार में दुकानें लगभग बंद रही। मतदाता सुबह से अपने अपने मतदान केंद्रों पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मतदाताओं में महिला मतदाता की संख्या पुरुषों की अपेक्षा अधिक थी। मतदाता इस बार वार्ड पार्षद के अलावा मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद को सीधे मतदान कर चुनाव कर रहे हैं। जिले के कटिहार नगर निगम, बरारी नगर पंचायत और बलरामपुर नगर पंचायत की कुल 66 वार्डो में 208175 मतदाताओं के लिए 240 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि शाम 06 बजे तक कटिहार नगर निगम क्षेत्र में 56.90 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमे पुरूष मतदाता 56.93 प्रतिशत तथा 56.87 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं। बलरामपुर में कुल 70.40 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरूष मतदाता 59.50 तथा महिला मतदाताओं की प्रतिशत 81.30 रही। बरारी नगर पंचायत में 65.93 प्रतिशत मतदाताओं ने शाम 05 बजे तक मतदान किया, जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 64.75 प्रतिशत तथा महिला मतदाताओं की संख्या 67.10 प्रतिशत रही।
सभी पांचों नगर निकाय के मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों एवं पुलिस बल सुरक्षा को लेकर इंतजाम थे। ईवीएम तथा सफल चुनाव हेतु विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सेक्टर पदाधिकारी मुस्तैद दिखे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी उदयन मिश्रा के निर्देशानुसार पांचों नगर पंचायत क्षेत्र में पुलिस बल तैनाती गई थी। हर चौक चौराहे और मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त करते नजर आए। तथा मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मोर्चा संभाल रखा है।