रांची। राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र से शर्मसार करने वाली खबर सामने आयी है। छह युवकों ने एक माह तक एक युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अब थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में अजय तिर्की उर्फ प्रिंस और गौरव सिंह शामिल है। वहीं चार युवक फौजी भाई उर्फ नवीन क्षेत्री, सेंटू, शनि और शाहिल फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गौरव ने दलाल को बेच दिया
पीड़िता ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि आलू-प्याज का कारोबार करने वाले गौरव सिंह ने उसे 24 अक्टूबर को अपने घर बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद 25 अक्टूबर को गौरव ने अपर बाजार में एक व्यक्ति के हाथों उसे बेच दिया। उसे बकरी बाजार के समीप एक कमरे में रखा जाता था। उक्त व्यक्ति कार में बैठा कर अलग-अलग जगहों पर ले जाता था और युवकों के हवाले कर देता था। फिर अगले दिन कार लेकर होटल के बाहर पहुंचता था और उसे लेकर वापस उसी कमरे में छोड़ देता था। इसी दौरान 26 नवंबर को उसे नामकुम स्थित एक कमरे से अजय तिर्की के साथ पुलिस ने पकड़ा था, जिसके बाद इस मामले का खुलासा हुआ है।

वीडियो कॉल से कराते थे पसंद
पुलिस को दिये बयान में पीड़िता ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात फोन कर गौरव ने उसे अपने गोदाम में बुलाया। इसके बाद उसे अपने घर ले गया और वहां दुष्कर्म किया। 25 अक्टूबर को अपर बाजार स्थित अपनी दुकान ले गया और एक श्ख्स के हवाले कर दिया। फिर गौरव ने कहा कि ये अंकल जो भी कहेंगे, उसे चुपचाप करना। दरअसल वह शख्स लड़कियों को सप्लाई करने वाला दलाल था। पीड़िता ने बताया कि अंकल अपनी कार से पहुंचे और उसे ले गये। कार में पहले से दो अन्य लड़कियां भी मौजूद थीं, जिनमें से एक का नाम रिया सिन्हा था। इसी बीच अंकल को किसी का वीडियो कॉल आया और उसने बारी-बारी से तीनों लड़कियों को दिखाया। इसके बाद एक लड़की को पसंद किया गया और उसे हरमू मुक्तिधाम के पास उतार दिया गया। थोड़ी देर बाद दोबारा वीडियो कॉल आया और दूसरी युवती को पसंद करके उसे वेंडर मार्केट के पास उतार दिया।
इसके बाद जब कॉल आया, तो उसे पसंद किया गया। कार वाले अंकल ने उसे संत अन्ना स्कूल के आगे उतार दिया। वहां पहले से एक 22 साल का युवक मौजूद था, जो उसे अपने साथ अनजान जगह में अपने कमरे में ले गया। पहले युवक ने वहां शराब पी और उसके साथ डांस किया। फिर जबरन युवक ने उसे भी शराब पिलायी और रेप किया। रातभर युवती उस युवक के कमरे पर ही रही। सुबह होते ही कार वाले अंकल उसे लेकर बकरी बाजार के पास एक कमरे में पहुंचे और कहा कि आराम करो, तुन्हें रात में फिर जाना होगा। इसके बाद युवती समझ गयी कि गौरव ने उसे देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया है।
कमरे से लड़की हुई फरार
इससे आगे पीड़िता ने बताया कि वह इस काम से परेशान हो गयी और कमरे से भाग कर मेन रोड पहुंची। यहां उसे पहचान के लड़के शनि और शाहिल मिले। उससे मदद मांगी, तो उन दोनों ने भी स्टेशन रोड स्थित एक कमरे में ले जाकर गैंगरेप किया। इसके बाद भागते हुए वह फिर बकरी बाजार स्थित कमरे में पहुंची। 27 अक्टूबर की रात उसे कचहरी चौक के समीप ले जाया गया और दो युवकों के हवाले कर दिया गया। दोनों युवक उसे लेकर महाराजा होटल के बगल में स्थित एक होटल के कमरे में पहुंचे। दोनों ने उसके साथ रेप किया। दोनों युवकों ने अपना नाम फौजी भाई उर्फ नवीन क्षेत्री और अजय तिर्की उर्फ प्रिंस बताया। सुबह होते ही फौजी भाई चला गया, लेकिन अजय उसे स्टेशन रोड स्थित एक होटल ले गया। फिर 29 अक्टूबर को अजय ने लोअर चुटिया (नामकुम) में किराये पर एक कमरा ले लिया और साथ में रख कर रेप करने लगा। अजय पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता रहा। इसी बीच पुलिस ने वहां रेड की और पीड़िता को बरामद किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version