रांची। राजधानी रांची में नए वर्ष के मद्देनजर पिकनिक स्पॉट, पर्यटन स्थल और मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर दो हजार जवानों की तैनाती की गई है।
रांची में जोन्हा फॉल, दशम फॉल, टैगोर हिल, रॉक गार्डन, हुंडरू वॉटरफॉल, जगन्नाथ मंदिर, बिरसा मुंडा जैविक उद्यान, पहाड़ी मंदिर, सूर्य मंदिर, फन कैसल, रामदयाल मुंडा पार्क, देवरी मंदिर, कांके डैम, डियर पार्क, नक्षत्र वन, बरियातू पहाड़ सहित अन्य स्थानों पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वाटर फॉल वाले स्थानों पर एनडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोर की तैनाती की गई है। साथ ही डेंजर जोन को लाल पीते से घेरने का आदेश दिया गया है। शहर के सभी पार्क और मंदिरों में शक्ति कमांडो को पैनी नजर रखने को कहा गया है। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को नववर्ष को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी को अपने-अपने इलाके के पार्क, मंदिर और पिकनिक स्पॉट पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।
नशे में वाहन चलाने वाले, पी-खाकर हुड़दंग मचाने वाले, छेड़खानी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस लगातार ब्रेथ एनालाइजर से चिन्हित स्थानों पर जांच कर रही है।
एसएसपी किशोर कौशल ने सोमवार को बताया कि नव वर्ष को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी पिकनिक स्पॉट, पार्क और मंदिरों में नव वर्ष पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। शरारती तत्व पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।