डॉ अशोक नाग ने आजसू का दामन थामा

रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और विधायक सुदेश महतो के मुताबिक राजनीति में सत्ता की चुनौती सदैव आती रहेगी, परंतु राज्य के विकास में जरूरी विषय न छूटे, यह पार्टी की पहली प्राथमिकता है। पार्टी कार्यालय में सोमवार को आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि आम लोगों का योगदान मतदान तक है, परंतु बौद्धिक लोगों का योगदान व्यापक एवं अहम होता है। राजनीतिक प्लेटफार्म में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि सकारात्मक राजनीति के लिए सकारात्मक विचारों की आवश्यकता है। इस दौरान डॉ अशोक नाग के साथ कई शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने पार्टी का दामन थामा। इससे पहले सुदेश कुमार महतो के आवासीय कार्यालय में रॉयल प्रोफेशनल एंड शिवभारती फार्मेसी कॉलेज की निदेशक डॉ रूमी राजखोवा कच्छप समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में डॉ अशोक नाग और उनके साथियों का स्वागत करते हुए सुदेश ने कहा कि अशोक झारखंड को समझने और जमीनी स्तर पर काम करने वाले व्यक्ति हैं। बुद्धिजीवियों को राजनीति में आने से राज्य की आवश्यकता पर सकारात्मक काम करने में बल मिलेगा। इन्हें जनता हित से जुड़े हर काम को करने का पूर्ण सहयोग आजसू पार्टी देगी।
रविवार को आये तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व एवं देश की जरूरत को जनता ने भारी मतों से जीत दिलायी है। आजसू पार्टी ने पिछले चुनाव में राष्ट्रीय राजनीति में दखल दिया है। यह परिणाम आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में एक आकर्षक बल देगा। धनबाद के जेल में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में झारखंड में कोई सुरक्षित नहीं है। झारखंड में न विधि है, न व्यवस्था है। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा कि यह एक काल्पनिक समझौता है, जिसका नेता और नीति दोनों ही स्पष्ट नहीं है। मौके पर डॉ अशोक नाग ने कहा कि आज उनकी घर वापसी हो रही है। सुदेश महतो रोल मॉडल हैं। राजनीति का जो भी ककहरा सीखा, वो उनसे और आजसू पार्टी से सीखा।
मिलन समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ देवशरण भगत, डोमन सिंह मुंडा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष पार्वती देवी,सुधीर यादव,रामजीत गंझू, मजबूल रहमान, अमन शाहदेव और सत्यनारायण मुंडा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version