प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न
भाजपा एक सजग लोकतांत्रिक प्रहरी की भूमिका निभाएंगी : डॉ रवींद्र राय
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र कुमार राय ने प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय समीक्षा बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस किया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि बैठक में जो निष्कर्ष निकला है, वह भारतीय जनता पार्टी के लिए भविष्य में मिल का पत्थर साबित होगा। यह सच है कि हम चुनाव हारे हैं, लेकिन चुनाव में अंकगणित काम देता है। हमने वोट बढ़ाए हैं। प्रतिशत बढ़ाया है। जनता में भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ी है, लेकिन अंकगणित में बीजेपी पीछे रह गयी। इससे सीख लेकर इस हार से एक मजबूत संगठन बनाने का संकल्प लिया गया है। फरवरी तक नये प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन हो जायेगा। सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। सरकार अच्छे काम करती है तो ठीक है, जन विरोधी काम करने पर भाजपा सड़क पर भी जाने में कोई संकोच नहीं करेगी। संगठन के माध्यम से ताकत का सृजन करेंगे। ताकत का सृजन कर आगे बढ़ेंगे। सांसद पुंडेश्वरी झारखंड में सदस्यता अभियान की देखरेख करने के लिए नियुक्त हुई है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा पार्टी ने दो दिनों तक पांच सत्रों में बैठक की। इस दौरान चुनाव के संचालन से लेकर उसके प्रबंधन और परिणाम तक की विस्तृत चर्चा की गयी। राजनीति में चुनाव महत्वपूर्ण पहलू है। इसका परिणाम सफलता और असफलता सामान्य नजरों में देखी जाती है। भाजपा इसे थोड़ा और गहराई जाकर इस रूप में लेती है कि हमको समाज ने किस रूप में जिम्मेदारी दी है और किस रूप में कितना स्वीकार किया है। झारखंड की जनता में भारतीय जनता पार्टी की विश्वसनीयता में कोई कमी नहीं आई है। पहले से पार्टी को 9 लाख अधिक वोट मिले हैं। लोगों के बीच में भारतीय जनता पार्टी के मुद्दे और विषय को स्वीकृति भी मिली लेकिन वोटो के ध्रुवीकरण के कारण इसमें सांप्रदायिकता का भाव और जातीयता का उभार पैदा किया गया कुछ समूहवाद को और झारखंड को विभाजित करने का काम किया गया। इसकी वजह से जो परिणाम की उम्मीद की थी, वह नहीं आई। हालांकि इसमें भाजपा के संगठन और उम्मीदवार के स्तर पर कमी और आरोप प्रत्यारोप की बात कहीं से नहीं आई। हर व्यक्ति ने स्वीकार किया कि समाज में हमारी बातों को सुना और सराहा गया।
विपक्षियों के द्वारा भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जातीय दुर्भावना, सांप्रदायिक दुर्भावना और अलग-अलग कम्युनिटी को भावनाओं को भड़काने का काम झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के द्वारा किया गया। उसके कारण का धुव्रीकरण का दुष्परिणाम आया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन और विचारधारा के प्रवाह में इस परिणाम की बिना परवाह किए झारखंड के जनता के हित में आगे अपना काम करती रहेगी। विपक्ष की भूमिका निभाएगी और सरकार के कार्यों का बहुत ही गंभीरता से निरीक्षण करेगी। देखती रहेगी कि जो जनता के सामने वादे हुए, पूरे हो रहे हैं कि नहीं हो रहे हैं। हम एक सजग लोकतांत्रिक प्रहरी की भूमिका निभाएंगे। डॉ राय ने कहा कि चुनाव के दौरान संचालन, प्रबंधन और उम्मीदवारों के जनसंपर्क अभियान में कोई कमी नहीं हुई। मुद्दों को जनता तक ले जाने में थोड़ी कमी रह गई, जिसके कारण विरोधी सफल रहे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी झारखंड को अपने राजनीतिक का बड़ा प्रयोग भूमि मानती है और एक व्यापक दृष्टिकोण लेकर आगे भी काम करती रहेगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी मौजूद थे।