रांची। राज्य में अनिबंधित फ्लैट के निबंधन के लिए विशेष ड्राइव चलाया जायेगा। इसके लिए स्थानीय नगर निकाय से समन्वय करके अपार्टमेंटों की सूची तैयार की जा रही है, और यह देखा जा रहा है की इन अपार्टमेंटों में से कितने फ्लैटों का रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं हुआ है। ऐसे फ्लैटों को चिंहित किया जायेगा और इनके ऑनर से समन्वय करते हुए इनका निबंधन सुनिश्चत कराया जायेगा। निबंधन विभाग ने फ्लैटों की सूची तैयार करके निबंधन कार्य में तेजी लाने का निर्देश भी सभी निबंधन पदाधिकारियों को दिया है।

दरअसल, लगातार दो वित्तीय वर्षों से फ्लैटों के निबंधन में सुस्ती देखी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में भी धनबाद, रांची ग्रामीण, गिरिडीह, गढ़वा एवं जामताड़ा जिला में विगत वर्ष 2022-23 से कम संख्या में फ्लैट का निबंधन हुआ था। पूरे मामले में भू-राजस्व सचिव ने निबंधन बढ़ाने का निर्देश अधिकारियों को दिया था। इसके साथ ही जनसाधारण को निबंधन कार्यालयों में प्रक्रियाओं से अवगत कराने के लिए भी हेल्पडेस्क संचालित करने को कहा है, ताकि इस वित्तीय वर्ष के अंत तक निबंधन कार्य में तेजी आये। निबंधनार्थियों को ऑनलाइन निबंधन प्रक्रिया, ऑनलाइन मुद्रांक शुल्क, निबंधन शुल्क भुगतान की प्रक्रिया इत्यादि की जानकारी दी जायेगी, इसके लिए लिपिक व कंप्यूटर ऑपरेटरों को भी समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version