कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पदभार ग्रहण किया
-अब एनपीए खाताधारी का कर्ज माफी पर कार्रवाई
रांची। पार्टी ने युवा कंधों पर भारी जिम्मेदारी दे दी है। विभाग की अपनी चुनौतियां हैं। इससे निपटने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है। इस पर काम करने का समय आ गया है। कृषि विभाग की चुनौती को स्वीकार करने के साथ-साथ गौरव भी महसूस हो रहा है। राज्य की 70 फीसदी आबादी की नजर इस विभाग पर है। योगदान के बाद सोमवार को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उक्त बातें कहीं। हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। कृषि विभाग के पूरे सिस्टम को व्यवस्थित किया जायेगा। सप्लाई चेन को मजबूत किया जायेगा। हाल में हुए आलू संकट का मुख्य कारण कोल्ड स्टोरेज का नहीं होना है।

हमारे विधानसभा क्षेत्र में ही कोल्ड स्टोरेज हैं, लेकिन ठीक से संचालित नहीं हो रहा है। इसको दुरुस्त किया जायेगा। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय राज्य की प्राइम संस्थान है। इसकी खोई हुई गरिमा को प्राप्त करने की कोशिश की जायेगी। अनुसंधान पर काम होगा। सहकारिता विकास को बेहतर दिशा दे सकता है। जो संस्थाएं किसानों को सुविधाएं नहीं दे रही हैं, उनको चिह्नित किया जायेगा। किसानों की योजनाओं में भी इ-गर्वनेंस लागू होगा। इससे किसानों को जोड़ा जायेगा। अभी किसानों का दो लाख रुपये तक का केसीसी लोन माफ हुआ है। अब एनपीए खाताधारी का ऋण माफ करने की प्रक्रिया भी होगी। बिचौलियों से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा स्कीम में डीबीटी लाया जायेगा। इसके लिए एक मैकेनिज्म विकसित करेंगे। सिंचाई सुविधा दुरुस्त करने के लिए दूसरे विभागों से भी समन्वय किया जायेगा। कृषि को समूह बनाकर काम करने की जरूरत है। इसके लिए एफपीओ को बढ़ावा दिया जायेगा। अच्छा करने वाले एफपीओ को प्रोत्साहित किया जायेगा। कॉमर्शियल फार्मिंग आज की जरूरत है। एग्री-इंटरप्रोन्योरशिप विकसित किया जायेगा। अत्याधुनिक कृषि के लिए ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version