Close Menu
Azad SipahiAzad Sipahi
    Facebook X (Twitter) YouTube WhatsApp
    Sunday, June 15
    • Jharkhand Top News
    • Azad Sipahi Digital
    • रांची
    • हाई-टेक्नो
      • विज्ञान
      • गैजेट्स
      • मोबाइल
      • ऑटोमुविट
    • राज्य
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
    • रोचक पोस्ट
    • स्पेशल रिपोर्ट
    • e-Paper
    • Top Story
    • DMCA
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Azad SipahiAzad Sipahi
    • होम
    • झारखंड
      • कोडरमा
      • खलारी
      • खूंटी
      • गढ़वा
      • गिरिडीह
      • गुमला
      • गोड्डा
      • चतरा
      • चाईबासा
      • जमशेदपुर
      • जामताड़ा
      • दुमका
      • देवघर
      • धनबाद
      • पलामू
      • पाकुर
      • बोकारो
      • रांची
      • रामगढ़
      • लातेहार
      • लोहरदगा
      • सरायकेला-खरसावाँ
      • साहिबगंज
      • सिमडेगा
      • हजारीबाग
    • विशेष
    • बिहार
    • उत्तर प्रदेश
    • देश
    • दुनिया
    • राजनीति
    • राज्य
      • मध्य प्रदेश
    • स्पोर्ट्स
      • हॉकी
      • क्रिकेट
      • टेनिस
      • फुटबॉल
      • अन्य खेल
    • YouTube
    • ई-पेपर
    Azad SipahiAzad Sipahi
    Home»Breaking News»झारखंड में जांच की रफ्तार नहीं बढ़ी, तो संकट बढ़ेगा
    Breaking News

    झारखंड में जांच की रफ्तार नहीं बढ़ी, तो संकट बढ़ेगा

    azad sipahiBy azad sipahiApril 25, 2020No Comments6 Mins Read
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Share
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram LinkedIn Pinterest Email

    सीमित संसाधनवाले झारखंड में जांच ही एकमात्र समाधान
    राष्ट्रीय औसत से बहुत पीछे हैं झारखंड के जांच केंद्र
    झारखंड समेत पूरे देश में कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन के एक महीने पूरे हो गये हैं। इस खतरनाक बीमारी से सरकार का पूरा तंत्र और समाज का हर वर्ग पूरी ताकत से लड़ रहा है। इसके बावजूद हर दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। झारखंड में संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी जहां सरकार और लोगों की चिंता बढ़ा रही है, वहीं अब सवाल इस बीमारी के चिकित्सकीय प्रबंधन को लेकर भी उठने लगे हैं। यह सही है कि झारखंड के पास संसाधनों की कमी है, लेकिन कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिस प्रबंधकीय कौशल की जरूरत है, उसकी कहीं न कहीं कमी अब सामने आने लगी है। झारखंड में सैंपल जांच की गति बेहद धीमी है, जिसके कारण संक्रमित मरीजों की सही संख्या का पता नहीं लग पा रहा है। इसके साथ ही संक्रमितों का पता लगने के बाद जो कदम उठाये जाने चाहिए, उसमें भी ढिलाई बरती जा रही है। जांच रिपोर्ट आने में हो रही देरी भी संक्रमण फैलने का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। सामाजिक मोर्चे पर काम कर रही झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को अब स्वास्थ्य मशीनरी पर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि झारखंड में कोरोना की जांच की रफ्तार बढ़ायी जा सके और संक्रमितों का पता जल्दी लग सके। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो यह महामारी राज्य को तबाही के कगार पर लाकर खड़ा कर देगी। इसे रोकने के लिए झारखंड में चिकित्सकीय प्रबंधन को और अधिक सक्रिय होना पड़ेगा। तभी कोरोना के खिलाफ जंग हम जीत सकेंगे। राज्य में जांच की धीमी रफ्तार और इसके कारण होने वाले दुष्परिणामों का विश्लेषण करती आजाद सिपाही ब्यूरो की खास रिपोर्ट।

    एक  महीने में 5380 सैंपलों की जांच ही हो पायी है झारखंड में
    समुचित संसाधन नहीं होने के कारण डॉक्टरों पर भी बढ़ रहा है संक्रमण का खतरा
    गुरुवार 23 अप्रैल की देर रात जब राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स से यह सूचना मिली कि 24 घंटे में सात नये कोरोना संक्रमित पाये गये हैं, प्रशासन और चिकित्सकों में चिंता की लकीरें दौड़ गयीं। कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे एक चिकित्सक ने टिप्पणी की, हम संदिग्धों की जांच ही नहीं कर पा रहे हैं, तो मरीज का पता कैसे चलेगा। हमारे पास पर्याप्त संख्या में टेस्टिंग किट नहीं है। इसलिए जांच की रफ्तार सुस्त है। हम चाह कर भी कुछ नहीं कर सकते। इस चिकित्सक का दर्द सचमुच चिंताजनक है। झारखंड में पिछले एक महीने में महज 5380 सैंपलों की जांच की गयी है। इसका मतलब है कि राज्य के चार कोरोना जांच केंद्रों में हर दिन औसतन दो सौ से भी कम सैंपलों की जांच हो रही है, यानी एक केंद्र में 50 से भी कम। राज्य सरकार का मेडिकल बुलेटिन बताता है कि 23 अप्रैल को राज्य के जांच केंद्रों में कुल 94 सैंपलों की जांच की गयी, जिसमें चार पॉजिटिव और 90 निगेटिव आये। सैंपल जांच की यह गति दूसरे राज्यों या राष्ट्रीय औसत से बहुत कम है। महाराष्ट्र के एक जांच केंद्र में औसतन हर दिन ढाई सौ सैंपलों की जांच होती है, जबकि दिल्ली में यह संख्या 310 है। राष्ट्रीय औसत तीन सौ का है।
    झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तक महज 60 है। यह संख्या निश्चित रूप से बहुत कम है, लेकिन इससे खुश होना खतरनाक हो सकता है। राज्य में सैंपलों की जांच ही नहीं हुई है, तो संक्रमितों की वास्तविक संख्या का पता कैसे चलेगा। यही बात रिम्स के चिकित्सक ने कही है।
    झारखंड की स्वास्थ्य मशीनरी में कोरोना प्रबंधन की दूसरी सबसे बड़ी कमी संदिग्धों के चयन में हो रही है। विशेषज्ञ कहते हैं कि झारखंड में सैंपल लेने के बाद उस संदिग्ध को छोड़ दिया जाता है। तीन दिन बाद जब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तब उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाता है। इन तीन दिनों में वह संक्रमित व्यक्ति कम से कम डेढ़ सौ लोगों को संक्रमित कर चुका होता है। लेकिन उनकी जांच को टाल दिया जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि कोरोना संक्रमण का पता केवल और केवल जांच से ही लग सकता है। इस बात की कोई गारंटी नहीं कि किसी स्वस्थ व्यक्ति में कोरोना का संक्रमण नहीं हो। बिना लक्षण वाले लोग भी पॉजिटिव पाये जा रहे हैं। इसलिए हर व्यक्ति की जांच जरूरी है। प्रबंधन में एक और कमी यह है कि किसी कोरोना संक्रमित के परिजनों की जांच तुरंत नहीं की जा रही है, जिससे संक्रमण के फैलने का खतरा बना रहता है।
    झारखंड में अभी कोरोना संक्रमण जांच के लिए चार केंद्र बनाये गये हैं। रिम्स के अलावा जमशेदपुर का एमजीएम, धनबाद का पीएमसीएच और इटकी यक्ष्मा आरोग्यशाला अभी सैंपल जांच कर रहे हैं। इन चारों केंद्रों में पर्याप्त संख्या में जांच किट उपलब्ध नहीं है। मैनपावर की भी कमी है। लेकिन कोरोना वायरस को इन सबसे कोई मतलब नहीं है। वह अपनी गति से फैलता जा रहा है। इसलिए विशेषज्ञ कहते हैं कि कोरोना पर नियंत्रण के लिए सबसे पहले जांच की गति को बढ़ाना होगा। लॉकडाउन इस संक्रमण को फैलने से रोकने में कारगर जरूर है, लेकिन जो लोग संक्रमित हो चुके हैं, उनका पता भी तो लगाना उतना ही जरूरी है, ताकि लॉकडाउन खत्म होने के बाद वे संक्रमण को फैला नहीं सकें।
    कोरोना के खिलाफ जंग में झारखंड सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य के किसी भी कोने से किसी व्यक्ति के भूखे होने की सूचनाएं नहीं आ रही हैं। इसका साफ मतलब है कि राज्य सरकार की प्रशासनिक मशीनरी सामाजिक मोर्चे पर प्रशंसनीय काम कर रही है। लेकिन अब स्वास्थ्य मशीनरी को रफ्तार देने की चुनौती है। अब इस मोर्चे पर ध्यान केंद्रित करने का समय आ गया है।
    झारखंड में संसाधनों की कमी कड़वी हकीकत है। इसका खामियाजा आम लोगों के साथ-साथ कोरोना के खिलाफ जंग में जुटे पहली पंक्ति के योद्धाओं, यानी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी उठाना पड़ा है। उनके पास न संक्रमण से बचाव के पर्याप्त साधन हैं और न इलाज के लिए पर्याप्त सुविधाएं। इससे चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण का खतरा सबसे अधिक है, क्योंकि वे लगातार संक्रमितों के संपर्क में रहते हैं। संसाधन जुटाने की जिम्मेदारी सरकार की है और वह इसमें लगी भी हुई है। यदि पर्याप्त संख्या में जांच किट नहीं है, तो इसका रास्ता भी तलाशना होगा। राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्र सरकार को अनुरोध भी किया है। अब केंद्र सरकार को भी झारखंड जैसे छोटे राज्यों पर ध्यान देना होगा, क्योंकि लॉकडाउन खत्म होने के साथ कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा अभी मंडराता रहेगा। इसलिए एक तरफ जहां झारखंड की स्वास्थ्य मशीनरी को सक्रिय होने की जरूरत है, वहीं सरकार को भी इस दिशा में काम करने और संसाधन जुटाने की चुनौती है। तभी झारखंड को इस खतरनाक बीमारी से बचाया जा सकता है।

    Share. Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Previous Articleपालक और तुलसी के जूस के है इतने सारे फायदे
    Next Article हीमोग्लोबिन की कमी से कही आपकी लाइफ ना पड़ जाये खतरे में, आज से खून को बढ़ाने के लिए करे ये काम
    azad sipahi

      Related Posts

      पंचायत सेवक ने बीडीओ सहित चार लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाकर की खुदकुशी

      June 15, 2025

      स्लम बस्तियों में पुस्तक पढ़ने की संस्कृति को जगा रही है संस्कृति फाउंडेशन

      June 15, 2025

      झारखंड में एआई तकनीक से होगी हाथियों की सुरक्षा

      June 15, 2025
      Add A Comment

      Comments are closed.

      Recent Posts
      • केदारनाथ हेलिकॉप्टर हादसे में जयपुर के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल पायलट की मौत
      • पंचायत सेवक ने बीडीओ सहित चार लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाकर की खुदकुशी
      • स्लम बस्तियों में पुस्तक पढ़ने की संस्कृति को जगा रही है संस्कृति फाउंडेशन
      • झारखंड में एआई तकनीक से होगी हाथियों की सुरक्षा
      • शिक्षक सत्येन्द्र नारायण सावैयां का आकस्मिक निधन
      Read ePaper

      City Edition

      Follow up on twitter
      Tweets by azad_sipahi
      Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
      © 2025 AzadSipahi. Designed by Microvalley Infotech Pvt Ltd.

      Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.

      Go to mobile version