-कई होटल व किराना दुकानों से लिये गये सैंपल, विशेष जांच अभियान लगातार रहेगा जारी
बरवाडीह। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरवाडीह में कई होटल और किराना दुकानों की जांच की। इस दौरान विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये गये, जबकि खराब लड्डू मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (एफएसओ) सरिता जेर्राई, अमन गुप्ता (एफएसओ), नागेंद्र कुमार और आलोक सिंह (डीएमएमयू) शामिल रहे। वहीं, एसआइ सुनील मंडल और एसएन ओझा भी मौजूद थे। टीम ने दुकानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की जांच की और नमूने संग्रहित किये।
त्योहारों को लेकर विशेष जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सरिता जेर्राई और अमन गुप्ता ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रतिबंधित वस्तुओं, खराब मिठाइयों और खाने-पीने की अन्य खराब सामग्री की बिक्री पर कार्रवाई की जायेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
खराब मिठाई की बिक्री पर रहेगी नजर
जांच के दौरान खराब लड्डू मिलने पर टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं, कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये गये। सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी, प्रतिबंधित और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग ने जांच तेज कर दी है। विभाग के इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और खाद्य कारोबारियों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है।

