-एसपी कुमार गौरव की गुप्त सूचना पर पहाड़तल्ली ओवरब्रिज के पास दबिश, दोनों के पास से कुल 9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
बरवाडीह। नशे के कारोबार के खिलाफ बरवाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।कार्रवाई पुलिस कप्तान कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरवाडीह थाना क्षेत्र के पहाड़तल्ली ओवरब्रिज के समीप निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात सामने आई। इसमें विमलेश कुमार सिंह के पास से करीब 6.1 ग्राम तथा मिथुन कुमार के पास से करीब 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर एक मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फ़ोन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विमलेश कुमार सिंह, पिता लालमुनि सिंह, उम्र 35 वर्ष तथा मिथुन कुमार, पिता स्व. प्रमोद कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद बरवाडीह थाना लाया गया। मामले में बरवाडीह थाना कांड संख्या 60/26 दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना पर बनी रणनीति, फिर हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई एसडीपीओ वीरेंद्र राम एवं थाना प्रभारी अनुराग कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एसआई सुनील मंडल, एएसआई राजेश यादव, संजय चौधरी समेत पुलिस बल शामिल था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा।पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है।
अब नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश
पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सकती है।बरवाडीह पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

