प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को मिली रफ्तार, सांसद की तबीयत बिगड़ने से नहीं हो सका आगमन; प्रतिनिधि राकेश कुमार ने किया शिलान्यास
बरवाडीह:- ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बरवाडीह प्रखंड में बड़ा कदम उठाया गया है।मण्डल केनाल रोड,पुटुवागड़ से खार, हिंदेहास से मुर्गीडीह, पनवाई, चुंगरु समेत अन्य सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली छह सड़क योजनाओं का शिलान्यास जिला सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार ने किया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने और क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में सांसद कालीचरण सिंह को शामिल होना था, लेकिन अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह नहीं पहुंच सके। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से अपना संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का प्रत्येक कार्यकर्ता विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिलान्यास केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य क्षेत्र में विकास की गंगा बहाना है।
सड़कें बनेंगी तो आसान होगा ग्रामीणों का सफर…..
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय, बाजार, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर बरसात के दिनों में खराब सड़कों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकती है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी नजर….
करोड़ों रुपये की इन छह सड़क योजनाओं से ग्रामीणों की उम्मीदें बढ़ी हैं। अब सबसे बड़ी चुनौती निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय पर पूरा कराने की होगी। योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब सड़कें टिकाऊ बनें और ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा मिले।मौके पर सांसद प्रतिनिधि कन्हाई सिंह, दीपक तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष मनोज प्रसाद, रुपाली देवी, रेखा पाठक, विवेक सिंह, विनय चंदेल, मुकेश पांडेय, मनजीत, दिलीप पासवान और सतीश यादव समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।



