थाना चौक पर जिला परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ट्रैक्टर से लेकर स्कूली वैन, बाइक और ऑटो तक की हुई जांच
बरवाडीह। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गुरुवार को बरवाडीह थाना चौक पर जिला परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 18 वाहनों को नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा गया। इनसे कुल 67,500 रुपये का चालान काटा गया।जांच अभियान में ट्रैक्टर, स्कूली वैन, मोटरसाइकिल, ऑटो समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने वाहन चालकों से आवश्यक कागजात, हेलमेट एवं यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी रामलखन वर्णवाल, तत्कालीन थाना प्रभारी अनुराग कुमार, राजेश कुमार और ऋषि कुमार समेत पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम शामिल रही।अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क पर लापरवाही न केवल जुर्माने का कारण बन सकती है, बल्कि किसी की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है।



