Browsing: Top Story

कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत डोंडागड़ा गांव में गरीबी और कुपोषण से झींगुर भुइयां की मौत हो गयी। वह कई दिनों से बीमार था। वह बेहद गरीब था और पत्नी रूबी देवी के साथ भीख मांग कर गुजारा करता था। रूबी देवी के अनुसार परिवार के पास राशन कार्ड नहीं है। इसलिए उसे खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। परिवार का नाम बीपीएल सूची में नहीं है।

खबर विशेष में आज हम बात कर रहे हैं झाविमो के अंदर मचे बवंडर की। वर्तमान राजनीति में सब मुमकिन है, जो सबसे अधिक चुनावी मौसम में ही खुल कर नजर आता है। इसमें अवसरवादी दल-बदल, जोड़-तोड़, गेटिंग-सेटिंग और डील का राजनीतिक दांव चुनावी रणनीति का कारगर नुस्खा बना लिया गया है। कुर्सी गणित के तहत स्थापित राजनीतिक दल कब किसे अपना नेता बना कर खड़ा कर देंगे, कहा नहीं जा सकता। इस होड़ में वामपंथी दलों को छोड़ कर कोई भी सत्ताधारी दल या उसका नेता पीछे नहीं रहना चाहता। मजेदार बात है कि सारा खेल विकास और देशहित के नाम पर होता है और सबसे शातिर खिलाड़ी ही सबसे अधिक लोकतांत्रिक आदर्श और मूल्यों की दुहाई देते हुए नजर आता है। झारखंड प्रदेश भी अवसरवादी जोड़-तोड़ की राजनीति का दांव खेलने का कुख्यात अखाड़ा रहा है। अभी-अभी संपन्न हुए लोकसभा से पहले भी यह देखा गया। झारखंड में विधानसभा का चुनाव होना है और एक बार फिर दलों के अंदर भगदड़ मचना तय है। एक बार फिर सबसे बड़ी टूट का संकेत बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा में मिल रहा है। जिस तरह से झाविमो में अभी शांति व्याप्त है, वह किसी बड़े तूफान का संकेत दे रही है। क्या चल रहा है झाविमो में इस पर प्रकाश डाल रहे हैं ज्ञान रंजन।