Browsing: Top Story

झारखंड की तीन लोकसभा सीटों रांची, चतरा और कोडरमा में उम्मीदवार तय करने की कवायद में भाजपा में जिस तरह बीरबल की खिचड़ी पक रही है, उससे पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ राजनीति में दिलचस्पी रखनेवालों में खीझ पैदा हो गयी है। असमंजस में फंसे भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह जहां फीका पड़ने लगा है, वहीं विरोधी दलों के प्रत्याशी और कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जोर-शोर से जुट गये हैं।

झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम गहमा-गहमी के बीच इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या भाजपा पिछले चुनाव का अपना प्रदर्शन दोहरा पायेगी और 47 लाख वोट पाने का रिकॉर्ड तोड़ सकेगी। भाजपा के नेता ऐसा करने का दावा करते हैं, लेकिन विपक्ष की ओर से भाजपा प्रत्याशियों की जिस तरह घेरेबंदी की गयी है, उससे भाजपा को परेशानी हो सकती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को पार्टी ने चाईबासा से फिर मैदान में उतारा है, लेकिन कांग्रेस ने गीता कोड़ा को अपना प्रत्याशी घोषित कर उन्हें मानो चक्रव्यूह में फंसा दिया है। गीता कोड़ा जगन्नाथपुर की विधायक हैं और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई हैं। कांग्रेस के पास लक्ष्मण गिलुआ को घेरने के लिए बागुन सुंब्रुई के बाद यदि कोई सशक्त चेहरा था, तो वह गीता कोड़ा ही थीं। खुद गीता कोड़ा के लिए भी यह चुनाव अग्निपरीक्षा है, क्योंकि इस चुनाव से ही इलाके में उनकी राजनीतिक हैसियत का आकलन होगा। गीता कोड़ा पिछले लोकसभा चुनाव में अपने पति मधु कोड़ा की पार्टी जय भारत समानता पार्टी के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ी थीं और तमाम झंझावातों के बावजूद उन्होेंने दूसरा स्थान हासिल किया था। उस चुनाव में विपक्ष एकजुट नहीं था और गीता कोड़ा के सामने लक्ष्मण गिलुआ के साथ कांग्रेस और सरकार की जांच एजेंसियों का जाल भी था। इस तिकोने घेरे से भी गीता ने शानदार मुकाबला किया था और महज 2.15 लाख वोट हासिल किया था। इस बार तो उन्हें पूरे विपक्ष का समर्थन हासिल है। चाईबासा का यह चक्रव्यूह कितना असरकारक होगा और लक्ष्मण गिलुआ इससे कैसे निकल पायेंगे, इस पर आजाद सिपाही पॉलिटिकल ब्यूरो की विशेष रिपोर्ट।