रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। एक नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार और मानव संसाधन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए जरूरी है कि राज्य में होने वाली सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में पूरी तरह कदाचार मुक्त तरीके से आयोजित हों।

उन्होंने बताया कि झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने जिला प्रशासन के सहयोग से JTET परीक्षा के सफल संचालन के लिए जरूरी तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

नकल करने और कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर कदाचार करने या कराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का निर्देश दिया गया है।

5.65 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन एक नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के कुल 5,65,048 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा ली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा को निष्पक्ष और सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। सरकार की प्राथमिकता परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के साथ समय पर परिणाम जारी करना भी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version