चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कर्नाटक के पांच श्रद्धालु और दिल्ली निवासी पायलट शामिल हैं।

हेलीकॉप्टर निजी विमानन कंपनी ट्रांस भारत एविएशन का था। यह बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के दौरान उसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम से भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।

हादसे से पहले श्रद्धालुओं ने की थी जल्द लौटने की इच्छा

आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक से आए पांचों श्रद्धालु गुरुवार सुबह बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। दर्शन के बाद वे माना गांव भी गए थे। वहां घूमने के बाद उन्होंने हेलीपैड पर मौजूद गाइड से पूछा था कि क्या वे उसी दिन वापस लौट सकते हैं। हालांकि, खराब मौसम के कारण उस दिन उड़ान नहीं हो सकी।

नियमों के अनुसार यात्रियों को शुक्रवार सुबह लौटना था। लेकिन मौसम खराब होने और दृश्यता कम होने के कारण उड़ान में देरी हुई। आखिरकार शुक्रवार दोपहर हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी। उड़ान के कुछ ही समय बाद उसका संपर्क टूट गया और फिर दुर्घटना की सूचना मिली।

पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल और कर्नाटक के पांच यात्री शामिल हैं। यात्रियों की पहचान अरुण सालुंके, प्रतापा, वीबी शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराजा के रूप में हुई है।

हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान के दौरान सभी छह लोगों के शव बरामद किए गए।

ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े को किया गया ग्राउंडेड

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में मौसम खराब था और दृश्यता भी प्रभावित थी।

इस दुर्घटना ने चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version