शिवराज सिंह चौहान ने सारठ, दुमका और मधुपुर में की जनसभा
जेएमएम सरकार, गरीब जनता की कमाई तक डकार गयी
झारखंड में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं और सोरेन सरकार सो रही है
झारखंड में अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा
रांची। झारखंड-केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को झारखंड की सारठ विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रणधीर कुमार सिंह, दुमका से प्रत्याशी सुनील सोरेन और मधुपुर से भाजपा उम्मीदवार गंगा नारायण सिंह के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह ने सभी देशवासियों को छठ पर्व प्रारंभ होने की शुभकामनाएं दीं। वहीं शिवराज सिंह ने जेएमएम और कांग्रेस की गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, इस गठबंधन सरकार ने झारखंड जैसे सुंदर राज्य को लूटकर खोखला कर दिया है। झारखंड में जेएमएम सरकार, बालू, पत्थर, खनिज और योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए केंद्र से भेजी गयी करोड़ों की राशि डकार गयी। प्रदेश की जनता त्राही-त्राही कर रही है और इनके नेता मंत्रियों के घरों से नोटों के पहाड़ बरामद किये जा रहे हैं। ये पैसा हेमंत सोरेन का नहीं बल्कि झारखंड के लोगों की खून-पसीने की कमाई का पैसा है। इसलिए इस बार झारखंड से जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार को उखाड़ फैंकना है और झारखंड में सुशासन स्थापित करना है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार के रहते झारखंड की जनता सुखी नहीं है। हेमंत सोरेन तो झारखंड पर ग्रहण बनकर लग गये हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन ने पूरे झारखंड को बर्बाद करने का पाप किया है। शिवराज सिंह ने कहा कि, यहां किसी थाने, तहसील, ब्लॉक और सरकारी दफ्तरों में बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता है। यहां हर चीज बिकती है। जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की ये सरकार देश में सबसे भ्रष्ट सरकार है, ऐसी बेईमान सरकार मैंने कभी नहीं देखी है।
झारखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त है
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, मां, बहन, बेटियों का सम्मान सुरक्षित नहीं है। झारखंड की धरती पर 7 हजार 400 से ज्यादा बलात्कार की घटनाएं हुई हैं। रूबिका पहाड़िया, अंकिता जैसे बेटियों की निर्मम हत्या की जा रही है। अपहरण, छेड़छाड़ और गंभीर अपराध भी आये दिन हो रहे हैं, लेकिन हेमंत सोरेन गहरी नींद में सो रहे हैं। जिस धरती पर मां-बहन और बेटी का सम्मान नहीं वो धरती कभी सुखी नहीं रह सकती है। यहां तो ये सरकार सीता सोरेन का भी अपमान करती है, उनके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। ये तो धरती वो धरती है जहां एक सीता और द्रौपदी का अपमान हुआ था तो महाभारत हो गया था और कौरवों का विनाश कर दिया था। मां-बहन का अपमान करने वाले छोड़े नहीं जायेंगे। ये नरेंद्र मोदी की सरकार है, मोदी जी ने कानून बनाकर तय किया है कि, कोई भी मां-बहन और बेटी की तरफ गलत नजर से देखेगा, बलात्कार जैसा काम करेगा तो उसे सीधे फांसी के फंदे पर लटका दिया जायेगा। भाजपा की सरकार बनते ही झारखंड में माटी, बेटी और रोटी को सुरक्षित करने का काम किया जायेगा।
बहनों की जिंदगी संवारना, भाजपा का संकल्प
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हेमंत सोरेन ने पांच साल पहले महिलाओं से वादा किया था कि, उन्हें प्रति माह 2 हजार रुपये चूल्हा खर्च के लिए दिये जायेंगे। 4 साल 10 महीने तो तुछ नहीं दिया और चुनाव के आते ही बहनों के खाते में वोटों के लालच में 1 हजार रुपये की राशि डाल दी। शिवराज सिंह ने कहा कि, हर महीने 2 हजार रुपये के हिसाब से एक साल का 24 हजार रुपये होता है, और पांच साल का 1 लाख 20 हजार रुपये होता है, लेकिन हेमंत सोरेन ने अब तक केवल 2 हजार रुपये ही बहनों के खाते में डाले हैं। पहले हेमंत सोरेन बतायें कि, 1 लाख 18 हजार रुपये कहां गये, उसका हिसाब दें। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है वहां बहनों को खाते में सम्मान राशि दी जा रही है। मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों के खाते में हर महीने राशि डाली जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, असम और ओड़िशा में अलग-अलग नामों से योजनाएं चलायी जा रही हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड में भी भाजपा की सरकार बनते ही हर बहन के खाते में हर 11 तारीख को 2100 रुपये की सम्मान राशि डाली जायेगी। झारखंड की बहनों की आंखों में आसूं क्यों रहे, उन्हें भी मुस्कुराने का अधिकार है। महिला सशक्तिकरण, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।
जेएमएम के वोटबैंक हैं घुसपैठिए
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड में विदेशी घुसपैठिए आ रहे हैं, ये जेएमएम की सरकार ही घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। वोटर लिस्ट में उनके नाम लिखवाए जा रहे हैं, उनके आधार कार्ड तक बनवाये जा रहे हैं, क्योंकि घुसपैठिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के वोट बैंक है। ये विदेशी घुसपैठिए हमारी आदिवासी बेटियों को भ्रम के जाल में फंसाकर उनसे शादी कर रहे हैं। जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, पंचायतों पर कब्जा कर रहे हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड वासियों ये चुनाव केवल किसी सत्ता के स्वर्ण सिंहासन पर बैठने का चुनाव नहीं है बल्कि ये चुनाव झारखंड की धरती को संकट से बचाने का चुनाव है।



