रांची: सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित डिस्टिलरी पुल के पास मंगलवार को एक खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से धुआं उठता देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

युवक बाल-बाल बचा

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक डिस्टिलरी पुल के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। जिस युवक की बाइक बताई जा रही है, वह घटना के समय बाइक से कुछ दूरी पर खड़ा था, जिसके कारण वह सुरक्षित बच गया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

आग पर काबू पा लिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।

पुलिस के पहुंचने से पहले बुझी आग

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि बाइक में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर फिलहाल थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आग लगने के कारणों की भी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version