पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कोवाली थाना क्षेत्र के हड़ियान काली मंदिर के पास शनिवार रात एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल लोहे के नेम बोर्ड के खंभे से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल (संख्या JH-05 BZ 0698) पर सवार होकर तीन युवक तुड़ी मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के खंभे से जबरदस्त तरीके से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे संजीत नायक (निवासी बाकुलचन्दा गांव) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे गेलहुं और श्रीशांत गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों में मचा कोहराम हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक संजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह बाइक की अनियंत्रित गति और संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है।
कोवाली थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

