रामगढ़। जिले के पतरातू क्षेत्र में बुधवार देर रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने AK-47 से अंधाधुंध फायरिंग कर दो कोयला कारोबारियों के घरों को निशाना बनाया। घटना पतरातू सौंदा बस्ती सरिया टोला की है, जहां कोयला कारोबारी गजानंद साव उर्फ गज्जू साव और रोड सेल संचालन समिति के अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवास पर गोलियां बरसाई गईं। सूचना मिलते ही पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और विभिन्न स्थानों से करीब तीन दर्जन खोखे बरामद किए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी इलाके में दाखिल हुए। सबसे पहले पंचू होटल के पास फायरिंग की गई। इसके बाद अपराधियों ने नीतीश कुमार के घर पर एक दर्जन से अधिक राउंड फायर किए। वहां से निकलकर गजानंद साव के घर को निशाना बनाया गया, जहां भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। फायरिंग में घर के शीशे टूट गए और आसपास अफरातफरी मच गई। घटना के समय दोनों कारोबारी घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि परिवार के सदस्य अंदर ही थे।
भागने के दौरान अपराधियों ने संजय पान दुकान और रेलवे साइडिंग पतरातू के पास भी फायरिंग की। पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, थाना प्रभारी समेत भुरकुंडा, बरकाकाना और भदानीनगर ओपी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास और बाहरी इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अब तक किसी गिरोह ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि पुलिस इस मामले को रंगदारी से जोड़कर जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि दोनों कारोबारी पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुके हैं। जनवरी 2023 और मई 2024 में भी फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

