रांची। झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय कनकनी बढ़ने लगी है, जबकि रात में ओस गिरने से ठंड का एहसास तेज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
छठ महापर्व के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दोनों दिन बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 16 नवंबर की सुबह राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। इस दौरान कनकनी भी बढ़ सकती है।
ऐसे में सुबह छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनकर घाट जाने की सलाह दी जाती है।
रांची में 15 से 16 डिग्री तक रह सकता है न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची में 15 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दोनों दिन बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, तापमान में हल्की गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।

