बरवाडीह। छिपादोहर पंचायत के खैराही टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने गलत दस्तावेजों के आधार पर रुपीना कुमारी का चयन किया। इसे लेकर अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया तथा मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी।ग्रामीणों के अनुसार, सेविका चयन की प्रक्रिया तीसरी बार आयोजित की जा रही थी। पहले दो उम्मीदवार थे, लेकिन इस बार चार नए उम्मीदवारों के शामिल होने से कुल संख्या छह हो गयी। शैक्षणिक अंकों के आधार पर चार उम्मीदवारों को हटाने के बाद दो उम्मीदवारों के बीच चयन किया गया। चयन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध किया।स्थिति बिगड़ने पर छिपादोहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर सुमंत देवी ने चयन प्रक्रिया स्थगित करने की घोषणा की। मौके पर मुखिया वेरोनिका कुजूर, ग्राम प्रधान मनदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version