काठमांडू: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। तिब्बत सीमा से लगे रसुवा क्षेत्र में भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद कई इलाकों में बाढ़ आ गई। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 105 भारतीयों समेत 400 से अधिक पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

बाढ़ से कई इलाकों में भारी तबाही

बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने कई गांवों, सड़कों और पुलों को अपनी चपेट में ले लिया। कई हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तिब्बत की ओर किसी ग्लेशियर झील के फटने या जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी को बाढ़ की संभावित वजह माना जा रहा है।

इन जिलों में हुई मौतें

  • रसुवा: 1 व्यक्ति की मौत
  • नुवाकोट: 5 महिलाओं और 6 पुरुषों समेत 11 लोगों की मौत
  • धादिङ: 5 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत 7 लोगों की मौत
  • चितवन: 1 महिला की मौत
  • राहत एवं बचाव दलों ने अब तक 65 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला है।

105 भारतीय पर्यटक भी लापता

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, कुल 384 लोग लापता हैं। इनमें:

  • 291 विदेशी नागरिक
  • 93 नेपाली नागरिक
  • 105 भारतीय पर्यटक

शामिल हैं। लापता विदेशी नागरिकों में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के पर्यटक भी शामिल हैं।

कई ट्रैवल एजेंसियों के पर्यटकों का पता नहीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेकर्स सोसाइटी के जरिए यात्रा कर रहे 92 लोग लापता हैं। वहीं सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स के 71, लीफ होलिडे के 55 और हिमालयन ग्लेशियर के 52 पर्यटकों के भी लापता होने की जानकारी है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक कुछ लापता पर्यटकों की राष्ट्रीयता की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सेना और सुरक्षा एजेंसियां राहत अभियान में जुटीं

बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेपाली सेना, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां ट्रेकिंग गाइडों के साथ मिलकर लापता पर्यटकों की तलाश कर रही हैं।

अधिकारियों के मुताबिक लापता लोगों के आंकड़ों का सत्यापन भी किया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version