-दो दिनों के लिए आम लोगों के लिए खुला नाका, पर्यटकों ने ली राहत की सांस; सुरक्षा की कमान वन विभाग और प्रशासन के हाथों में
बरवाडीह। ऐतिहासिक पलामू किला क्षेत्र में दो दिवसीय मेले की शुरुआत मंगलवार को उत्साह और उमंग के साथ हुई। मेले के पहले ही दिन पर्यटकों और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में लोग ऐतिहासिक पलामू किला और आसपास के प्राकृतिक स्थलों का दीदार करने पहुंचे। खास बात यह रही कि पलामू किला जाने वाले रास्ते में आम लोगों की आवाजाही के लिए दो दिनों तक नाका खोल दिया गया है। इससे पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से रास्ते को लेकर हो रही परेशानी के बीच नाका खुलने से लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में रौनक छाई हुई है। पर्यटक बेतला राष्ट्रीय उद्यान, कमलदह झील तथा पलामू के दोनों ऐतिहासिक किलों का भ्रमण कर प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत का आनंद ले रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। प्रशासन के साथ वन विभाग ने भी कमान संभाल रखी है। वनकर्मियों की तैनाती के साथ आवागमन और पर्यटकों की सुविधा पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए संबंधित विभाग सक्रिय हैं।दो दिवसीय मेले को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन के साथ प्रकृति की खूबसूरती का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। नाका खुलने से मिली राहत ने इस बार मेले के आकर्षण को और बढ़ा दिया है।

