पलामू। देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पलामू पुलिस ने पुलिस संस्मरण दिवस मनाया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया।
कार्यक्रम में डीआईजी किशोर कौशल और पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। अधिकारियों ने कहा कि शहीद जवानों का त्याग और समर्पण पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उनका बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
शहीद जवानों के परिजनों से की मुलाकात
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान डीआईजी किशोर कौशल और एसपी कपिल चौधरी ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना गया और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
अधिकारियों ने शहीद परिवारों के सम्मान, सहयोग और कल्याण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में कई शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल एवं राजेश यादव, इंस्पेक्टर सुरेश राम, ज्योतिलाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



