रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सिल्ली क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मारदू गांव निवासी भागवत महतो उर्फ भगवान दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल फोन और कपड़े भी बरामद किए हैं।

डीएसपी मनीष चंद्रलाल ने बुधवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

मेला से लौटते समय लापता हुई थी नाबालिग

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात नाबालिग मेला घूमकर घर लौट रही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। बाद में उसका शव छापरगढ़ा स्थित जंगल से बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था।

आरोप है कि मेला से लौटने के दौरान रास्ते में आरोपित ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंककर वह फरार हो गया।

आरोपित की निशानदेही पर मोबाइल और कपड़े बरामद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने फोन कर नाबालिग को बुलाया था। पुलिस मामले में घटनाक्रम और आरोपों की जांच कर रही है। आरोपित की निशानदेही पर मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए गए हैं।

जांच अभियान में मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस केंद्र रांची की स्निफर डॉग टीम और एफएसएल मोबाइल वैन टीम की भी मदद ली गई। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version