रंची। झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे मतदान के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार बैजनाथ राम ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है। विधानसभा पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और दोनों सीटों पर उनकी जीत तय है।

मीडिया से बातचीत में बैजनाथ राम ने कहा कि उनकी जीत की संभावना 100 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में गठबंधन की बैठकों में चुनावी रणनीति और आंकड़ों की समीक्षा की गई है। साथ ही मॉक पोल के नतीजे भी उनके पक्ष में रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के चुनाव मैदान में होने पर प्रतिक्रिया देते हुए बैजनाथ राम ने कहा कि उनके जीतने का कोई सवाल नहीं है।उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार राज्यसभा पहुंचेंगे। बैजनाथ राम विधानसभा पहुंचने से पहले पूजा-पाठ कर विजय तिलक लगाकर आए। उन्होंने इसे देवी की कृपा बताते हुए कहा कि वह हर महत्वपूर्ण कार्य से पहले ईश्वर की आराधना करते है। पूर्व मंत्री और विधायक रह चुके बैजनाथ राम को इस बार झामुमो ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version