मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2029 से पहले भाजपा और NDA शासित 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। शाह ने कहा कि कई राज्यों में UCC लागू हो चुका है और आने वाले समय में इसे अन्य भाजपा-NDA शासित राज्यों में भी लागू किया जाएगा।
मुंबई में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत के बाद मीडिया से बातचीत में अमित शाह ने कहा कि सरकार ने तीन तलाक को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 से पहले NDA शासित सभी 21 राज्यों में UCC लागू करने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
हर अवैध घुसपैठिये की पहचान कर बाहर निकालेंगे : शाह
अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि देश में मौजूद हर अवैध घुसपैठिये की पहचान की जाएगी और उन्हें भारत से बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भाजपा, NDA के सहयोगी दल, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक मिलकर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
अमित शाह के मुताबिक, अभियान को केवल भाजपा के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसमें सहयोगी दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को देश के हर जिले तक पहुंचाने की योजना है।
शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक पहले मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जनसेवा करने वाले नेताओं की संख्या बहुत कम है। इसी वजह से इस वर्ष के सेवा संकल्प अभियान का महत्व सामान्य जन्मदिन कार्यक्रम से अलग है।
‘मोदी की सुरक्षा नीति से दुश्मन दो बार सोचते हैं’
अमित शाह ने केंद्र सरकार की सुरक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यह कल्पना करना मुश्किल था कि आतंकवादी हमले की स्थिति में भारत पाकिस्तान की सीमा में जाकर जवाब देगा। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की रक्षा नीति में बदलाव आया है।
शाह ने दावा किया कि मौजूदा नीति के कारण भारत पर हमला करने से पहले दुश्मनों को कई बार सोचना पड़ता है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर भी किया दावा
केंद्रीय गृह मंत्री ने पिछले 12 वर्षों में देश में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत 2014 में ‘फ्रैजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, जबकि आज दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंच चुका है।
उन्होंने भारत की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाले देशों में शामिल है।
2047 तक भारत को अग्रणी राष्ट्र बनाने का लक्ष्य
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों में यह विश्वास पैदा किया है कि 15 अगस्त 2047 तक भारत हर क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है। उनके मुताबिक, आज दुनिया के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत के प्रधानमंत्री की राय को गंभीरता से लिया जाता है और भारतीय पासपोर्ट की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।



