रांची। राजधानी रांची में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोअर बाजार थाना पुलिस ने एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। सदर अस्पताल के आसपास सक्रिय इस गिरोह के सात शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गुमला के रहने वाले इरफान अंसारी, बेड़ो निवासी मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरूल्ला, शाहिद राय और सिसई के सैफ अंसारी उर्फ राज शामिल हैं।
नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल परिसर में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर अस्पताल क्षेत्र में टाइगर मोबाइल, पीसीआर और बाइकर्स टीम को विशेष निगरानी पर लगाया गया था। इसी निगरानी के दौरान पुलिस को सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति के बाइक चोरी की फिराक में घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को दबोच लिया। उसकी पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार बाइकें बरामद कर लीं। इस पूरी कार्रवाई और छापेमारी दल में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, संतोष कुमार रजक, देवानंद कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाड़ा, रंजीत कुमार और अजय कुमार सिंह समेत कई सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।



