नई दिल्ली: भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक अहम फैसला लिया है। ट्राई ने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) नियमन, 2026’ को अंतिम रूप दे दिया है। नए नियम के तहत सभी प्रमुख दूरसंचार कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैधता वाले विशेष टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराने होंगे।

इन रिचार्ज प्लान में मुख्य रूप से वॉइस कॉलिंग और SMS की सुविधा होगी। यानी ऐसे उपभोक्ता जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें केवल डेटा वाले महंगे पैक लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

जियो, एयरटेल, वीआई और BSNL पर लागू होगा नियम

नए नियमन के दायरे में देश के सभी प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाता आएंगे। इनमें रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और BSNL जैसी कंपनियां शामिल हैं।

ट्राई के अनुसार, कंपनियों को 30 दिन या उससे कम की वैधता वाले विशेष शुल्क कूपन उपलब्ध कराने होंगे। इनमें ऐसे विकल्प भी शामिल होंगे जो मुख्य रूप से वॉइस और SMS सेवाओं के लिए हों।

2024 के बाद सामने आई थी समस्या

ट्राई ने 2024 में लागू किए गए 12वें संशोधन के बाद बाजार में उपलब्ध रिचार्ज विकल्पों की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि केवल कॉलिंग और SMS की जरूरत रखने वाले ग्राहकों के लिए विकल्प सीमित होते जा रहे थे।

कंपनियों के ज्यादातर लोकप्रिय प्लान लंबी वैधता वाले थे और उनमें इंटरनेट डेटा भी शामिल रहता था। ऐसे में उन ग्राहकों को भी डेटा के लिए भुगतान करना पड़ता था, जिन्हें इसकी जरूरत नहीं थी।

इसी समस्या को देखते हुए ट्राई ने नए नियमों की प्रक्रिया शुरू की।

1,132 सुझाव मिलने के बाद तैयार हुआ अंतिम नियम

ट्राई ने 7 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित संशोधन का प्रारूप जारी किया था। इस पर हितधारकों और आम लोगों से कुल 1,132 सुझाव मिले।

इसके बाद 15 जून 2026 को ओपन हाउस डिस्कशन आयोजित किया गया। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों की समीक्षा के बाद ट्राई ने 21 सितंबर 2026 को अंतिम नियमन जारी किया।

इन मोबाइल यूजर्स को होगा सबसे ज्यादा फायदा

नए नियम से खास तौर पर उन उपभोक्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं होती।

कम आय वाले उपभोक्ता: छोटे और कम अवधि वाले रिचार्ज विकल्प मिलने से एक साथ ज्यादा रकम खर्च करने का दबाव कम हो सकता है।

वरिष्ठ नागरिक और फीचर फोन यूजर्स: जिन लोगों का मोबाइल इस्तेमाल मुख्य रूप से फोन कॉल और SMS तक सीमित है, उनके लिए अलग विकल्प उपलब्ध होंगे।

दूसरा SIM रखने वाले ग्राहक: दूसरे नंबर को केवल कॉलिंग या सीमित उपयोग के लिए चालू रखने वाले ग्राहकों को भी इससे विकल्प मिलेंगे।

हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू हो सकेगा प्लान

नए नियम में एक अहम प्रावधान मासिक नवीनीकरण से जुड़ा है। दूरसंचार कंपनियों को कम से कम एक ऐसा विशेष शुल्क कूपन उपलब्ध कराना होगा, जिसे हर महीने एक निश्चित तारीख को स्वतः रिन्यू किया जा सके।

अगर किसी महीने में चुनी गई तारीख मौजूद नहीं है, जैसे 31 तारीख, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल माना जाएगा।

कंपनियों के रिचार्ज पोर्टफोलियो में आएगा बदलाव

ट्राई के इस फैसले के बाद टेलीकॉम कंपनियों को अपने रिचार्ज पोर्टफोलियो में छोटे समय और कॉलिंग-केंद्रित विकल्प रखना अनिवार्य होगा।

इन नए रिचार्ज की कीमत, वैधता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप, वेबसाइट और खुदरा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार केवल कॉलिंग और SMS वाले प्लान का विकल्प चुन सकेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version