साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में CSP से 2.45 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ी भगियामारी गांव में 29-30 सितंबर की रात हुई चोरी की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

मामला बड़ी भगियामारी निवासी अभिषेक आनंद के CSP से जुड़ा है। चोरी की घटना के बाद पीड़ित ने तालझारी थाना में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद एसपी के निर्देश पर SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई

पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सहायता के आधार पर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर, नया बस्ती मोती झरना निवासी कोहिनूर शेख उर्फ कुंदन शेख और सकरीगली, हाथीगढ़ निवासी आदित्य यादव उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया।

नकदी, बाइक और मोबाइल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10-10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के पैसे से खरीदी गई एक पल्सर बाइक और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के पास से एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि कोहिनूर शेख उर्फ कुंदन शेख का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version