रांची। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अक्टूबर को रांची आएंगे। इस दौरान वे राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के साथ केंद्र प्रायोजित कृषि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज की अध्यक्षता में कृषि निदेशालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों, विभागीय योजनाओं की प्रगति और किसानों से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे जाने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की। कृषि निदेशक ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और विभागीय योजनाओं व कार्यों से जुड़ी आवश्यक जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहे।

बैठक में किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न गतिविधियों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जरूरी तैयारियां पूरी रखने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।

कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने बताया कि 8 अक्टूबर को रांची में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की केंद्र प्रायोजित कृषि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करेंगे। बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को भी निदेशालय स्तर पर बैठक बुलाई गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version