रांची। वित्तिय अनियमितता के आरोप में टीवीएनएल के लेखा निदेशक सौरभ झा को हटा दिया गया है। इस मामले में निगम मुख्यालय ने आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि गठित जांच समिति से मिली रिपोर्ट के आधार पर सौरभ झा को तत्काल प्रभाव से लेखा निदेशक रांची के पद से कार्यमुक्त किया जाता है। सौरभ झा को अगले आदेश तक पदस्थापन की प्रतिक्षा में रखते हुए टीटीपीएस ललपनिया में तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया जाता है। सौरभ झा पदस्थापन की प्रतीक्षा अवधि में विद्युत अधीक्षण अभियंता, मानव संसाधन विभाग, टीटीपीएसए ललपनिया में 9 अगस्त के अंदर रिपोर्ट करेंगे। अन्यथा स्वत: विरमित समझे जायेंगे।
बता दें सौरभ झा ने 26 जून 2024 को निगम के 100 करोड़ के एफडी के लिए 10 पैनल बैंकों को उच्च ब्याज दर के लिए पत्र भेजा। सभी बैंकों से ऑफर मिलने के बाद भी उन्होंने अपने जूनियर अफसरों को मजबूर कर सिर्फ आठ बैंकों का ही ऑफर खोला। उन्होंने सक्षम प्राधिकार से बिना अनुमोदन के एचडीएफसी और इंडसइंड बैंक में 50-50 करोड़ जमा कर दिये। इससे निगम को 50 लाख की ब्याज राशि के नुकसान का आकलन किया गया है। इस अनियमितता के कारण लेखा निदेशक सौरभ झा से दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। कहा गया है कि अगर तय समय में स्पष्टीकरण नहीं मिला, तो आगे नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।



