कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र के करियांवां गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने पुलिसिया गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शातिराना अंदाज: पहले काटी बिजली, फिर बोला धावा चोरों ने चोरी के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में प्रवेश करने से पहले चोरों ने 440 वोल्ट के बिजली तार को शॉर्ट सर्किट कर दिया, जिससे पूरे गांव की बत्ती गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरों ने छोटू मियां, इलियास मियां और कल्लू मियां के घरों में प्रवेश किया।
परिजनों के सोते समय खंगाली अलमारियां छोटू मियां की पत्नी ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ घर के ऊपरी तल्ले पर सो रही थीं, तभी चोरों ने नीचे के कमरे का ताला तोड़कर जेवर चोरी कर लिए। वहीं, कल्लू मियां जब खेत में पटवन करने गए थे, तब चोरों ने उनके घर से बर्तन, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद पार कर दिए। सबसे बड़ी चपत इलियास मियां के घर लगी है, जहाँ उनकी बहू के कमरे से लगभग एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँच कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।



