रांची। पांचवीं बार बजट पेश करने वाले रघुवर दास सूबे के पहले मुख्यमंत्री हैं। अपने बजट भाषण में सीएम ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है। किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य है। कृषि के लिए 7231 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। किसानों की आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की शुरुआत की गयी है।
रोज नया गीत गाता हूं : सीएम ने कहा, टूटे हुए तारों से, फूटे बासंती स्वर, पत्थर की छाती में उग आया नव अंकुर, झरे सब पीले पात, कोयल की कुहुक रात प्राची में अरूणिमा की रेत देख पाता हूं, मैं गीत नया गाता हूं।
आदिवासियों के विकास के लिए 24410 करोड़
बजट में एसटी के विकास पर फोकस किया गया है। इसके लिये 24410 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 2735 मछुआरों के लिए आवास की बात कही गयी है। गोड्डा में नया सैनिक स्कूल खोलने का प्रावधान किया गया है। साथ ही कैटल हॉस्टल खोलने की बात कही गयी है।
झारखंड का वर्ष 2019-20 का सालाना बजट 85,429 करोड़ का होगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को विधानसभा में पिछली बार के 80200 करोड़ के मुकाबले 85,429 करोड़ का बजट पेश किया। 85,429 करोड़ रुपये के बजट में 65,803 करोड़ राजस्व व्यय और 19, 626 करोड़ पूंजीगत व्यय के लिए रखा गया है। बजट में सामान्य प्रक्षेत्र के लिए 22377 करोड रुपये सामाजिक प्रक्षेत्र के लिए 28882 करोड़ रुपये तथा आर्थिक प्रक्षेत्र के लिए 33170 करोड रुपये का उपबंध किया गया है।
सकल घरेलू उत्पाद 10.5 प्रतिशत रहने का अनुमान
भाजपा सरकार के इस बजट में सकल घरेलू उत्पाद 10.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 85,513 रुपये होने का आकलन किया गया है। राजकोषीय घाटा 2.26 प्रतिशत के दायरे में रहेगा। इस बार मुख्यमंत्री ने वादे के मुताबिक गरीबों और किसानों के लिए खजाना खोल दिया है। साथ ही बच्चों और महिलाओं का भी पूरा ख्याल रखा है।
बजट में 1200 किसानों को मधुमक्खी पालन से जोड़ने के लिए मीठी क्रांति शुरू करने की घोषणा सीएम ने की है। पहली बार विष बजट के तहत बाल बजट भी पेश किया गया है। इससे पहले विशेष बजट के तहत एसटी-एससी, कृषि और जेंडर बजट पेश किये जाते रहे हैं। सीएम ने अपने बजट अभिभाषण में अलग से बाल बजट प्रस्तुत किया। इसमें नवजातों की खास देखरेख के लिए अलग से प्रावधान किया गया है। झारखंड के प्रत्येक जिले में एक एक गुरुकुल की स्थापना होगी, जहां कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
विपक्ष ने साधा निशाना, कहा-चुनावी बजट
रघुवर सरकार ने मंगलवार को अपना पांचवां बजट पेश किया। इस बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला और अन्य सबका ख्याल रखा गया है। एक ओर जहां भाजपा और सत्ताधारी दलों ने बजट की सराहना की, वहीं विपक्ष ने चुनावी बजट बताया है। उधर विशेषज्ञों ने भी बजट को मिलाजुला बताया है।