आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। जमशेदपुर पूर्वी से नवनिर्वाचित निर्दलीय विधायक सरयू राय ने अब रघुवर के खिलाफ ट्विटर वार छेड़ दिया है। शनिवार को कई ट्वीट कर उन्होंने रघुवर दास और भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा है। राय ने कहा है कि पांच सालों में झारखंड में केवल विकास कार्यक्रमों को लागू करने में ही भ्रष्टाचार नहीं हुआ है, बल्कि भ्रष्टाचार करने की नीयत से ही विकास कार्यक्रम चलाये गये। सरयू राय ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किये। हर ट्वीट में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करते हुए लिखा कि पिछले पांच साल में झारखंड के विकास की असलियत का पता करें, फिर इस बारे में मीडिया में बोलें। सरयू ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि क्या अमित शाह को पता नहीं था कि झारखंड सरकार के 30 विभागों में से उनके लाड़ले रघुवर दास ने 16 विभाग अपने पास रखे थे, जिनमें बड़े और मलाईदार कहे जाने वाले सभी विभाग शामिल थे।
उन्होंने संविधान को ताक पर रख कर 11 में से एक मंत्री का पद पांच वर्ष तक खाली रखा, क्यों? एक अन्य ट्वीट में सरयू राय ने लिखा अमित शाह को खुलासा करना चाहिए कि पिछले पांच साल तक झारखंड में सरकार और संगठन की खस्ताहाल के बारे में उन्हें कौन गुमराह करता रहा और मुझे नुकसान पहुंचाने के षडयंत्र में भाजपा को गर्त में पहुंचा दिया। 2009 में भी ऐसा ही हुआ था। तब तो सबक नहीं लिया, अब तो चेतिए। अपने ट्विटर हैंडल से सरयू राय ने साफ कहा कि भाजपा अध्यक्ष पिछले पांच साल में झारखंड के विकास की असलियत पता करें। अमित शाह को इस बाबत अपने लोगों से ही पूछ लेना चाहिए। राय के पहले ट्वीट को शाम सात बजे तक 999 लाइक्स मिल चुके थे, जबकि 205 लोगों ने इसे रीट्वीट किया था और 80 लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। दूसरे ट्वीट को 452 लाइक मिले थे, 106 लोगों ने इसे रीट्वीट किया था और 32 लोगों ने इस पर टिप्पणी की थी। तीसरे ट्वीट को 297 लोगों ने लाइक किया, 65 ने रीट्वीट किया और 29 लोगों ने टिप्पणी की।